अमेठी में पांच करोड़ की लागत से 1360 KM नहरों की होगी सिल्ट सफाई, किसानों को मिलेगी सिंचाई में राहत
अमेठी में किसानों को सिंचाई की सुविधा देने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से 1,360 किमी नहरों की सिल्ट सफाई की जाएगी।

HighLights
5 करोड़ रुपये से 1360 किमी नहरों की सफाई होगी।
किसानों को सिंचाई के लिए टेल तक पानी मिलेगा।
दिसंबर 15 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, अमेठी। अन्नदाताओं को फसलों की सिंचाई के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 1,360 किमी नहरों की सिल्ट सफाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए निजी साधनों पर आश्रित नहीं होना पड़ेगा।
15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित की गई। नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य हो जाने से किसानों को सिंचाई में काफी सहूलियत मिलेगी। 458 किमी रजबहा व शेष अल्पिकाओं पर कार्य कराया जाएगा।
जिले की नहरें सिल्ट से पटी पड़ी हैं। नहरों में कटीली झाड़ियां एवं घांस उग गई हैं। जिससे पानी का बहाव संभव नहीं है। ऐसे में किसानों को टेल तक पानी पहुंचाने के लिए शासन की ओर से नहरों की सफाई कराई जानी है, जिसके तहत नहरों की सिल्ट सफाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जल्द ही सभी नहरों की सिल्ट सफाई, फोटोग्राफी व सत्यापन कराकर नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।
नहरों की सिल्ट सफाई की निगरानी के लिए टास्क फोर्स का गठन भी किया गया है। मानक के अनुरूप सिल्ट सफाई जांच के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही ड्रोन की भी मदद ली जाएगी। कार्य पूरा होने पर साइन बोर्ड भी लगाया जाएगा।
जिले के लगभग 87 हजार किसान फसलों की सिंचाई के लिए 182 नहर, 15 रजबहा व 168 अल्पिकाओं पर निर्भर हैं। जिससे करीब 84 हजार 700 हेक्टेयर फसलों की सिंचाई की जाती है। जिनकी नहरों की कुल लंबाई 1446.326 किमी है। वर्ष 2026-27 अंतर्गत नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य कराया जाएगा। जिसे 15 दिसंबर तक पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
फसलों की सिंचाई में मिलती है सहूलियत
नहर के पानी से सिंचाई करने में किसानों को काफी सहूलियत मिलती है। वहीं निजी साधनों से फसल सिंचाई करने में किसानों को समय के साथ ही धन भी खर्च करना पड़ता है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नहरों की सिल्ट सफाई होने से किसानों को काफी फायदा मिलेगा।
कुल छह खंडों में होगा कार्य
जिले में कुल छह खंडों में नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही सिल्ट सफाई का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य किया जाना है। जिसके तहत 1,360 किमी नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य कराया जाएगा। जिसकी समय सीमा निर्धारित की गई है। सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण होने से किसानों को टेल तक पानी मिलने लगेगा। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई में काफी सहूलियत मिलेगी।
-मनीष रंजन, अधिशासी अभियंता, खंड-41
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।