यूपी विधानसभा चुनाव: अमेठी की 4 सीटों पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी से सपा नेताओं की बढ़ी चिंता
अमेठी की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी से सपा के टिकट के इच्छुक नेताओं की बेचैनी बढ़ ...और पढ़ें

फोटो स्रोत- राहुल गांधी के आधिकारिक मेटा हैंडल से।
HighLights
कांग्रेस की अमेठी विधानसभा सीटों पर दावेदारी से सपा चिंतित।
2024 लोकसभा जीत के बाद कांग्रेस को मिली नई ताकत।
राकेश प्रताप सिंह सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए।
दिलीप सिंह, अमेठी। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी से सपा के उन नेताओं की बेचैनी बढ़ गई है, जो कई महीनों से टिकट की उम्मीद लगाए हैं। आम चुनाव 2024 में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस की बड़ी जीत को आधार बनाकर पार्टी गठबंधन में चारों सीटों पर दावा कर रही है। हालांकि, विधानसभा चुनाव 2022 में जिले की चार सीटों में भाजपा और सपा के दो-दो विधायक जीते थे। कांग्रेस जगदीशपुर सुरक्षित सीट को छोड़कर कहीं प्रभावी मुकाबले में नहीं दिखी थी, लेकिन अब राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं।
आम चुनाव 2024 में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी की हार और कांग्रेस के केएल शर्मा की जीत से संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस को नई ताकत मिली है। सपा को कांग्रेस का साथ मिलने से भाजपा के मुकाबले गठबंधन मजबूत माना जा रहा है। ऐसे में सपा से टिकट चाहने वालों की संख्या हर सीट पर अच्छी खासी है। जिसमें हर कोई क्षेत्र से लेकर लखनऊ-दिल्ली तक अपने पक्ष में समीकरण फीट करने में लगा है।
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह की आम चुनाव 2024 से भाजपा नेताओं से नजदीकी बढ़ी तो सपा नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। अब भाजपा के तिलोई विधायक एवं मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी के साथ राकेश प्रताप सिंह भी भाजपा के साथ खड़े हैं। अमेठी की सपा विधायक और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी ही पार्टी के साथ हैं।
गौरीगंज से राकेश प्रताप सिंह 2012 में पहली बार सपा के टिकट पर जीते। वह 2017 और 2022 में भी चुनाव जीतने में सफल रहे। 2022 में भाजपा ने उन्हें चुनौती देने के लिए पूरी ताकत लगाई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा प्रत्याशी चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी के समर्थन में जनसभा की, लेकिन राकेश प्रताप सिंह सात हजार से अधिक मतों से जीते थे और अब वह भाजपा में शामिल हो चुके हैं। 2022 में राकेश प्रताप सिंह को 79040, भाजपा के चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी को 72077, कांग्रेस के फतेबहादुर को 28974 और बसपा के रामलखन को 9872 मत मिले थे। रामलखन अब कांग्रेस में हैं।
अमेठी में सपा की महाराजी देवी ने भाजपा प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजय सिंह को हराया था। 2024 में यहां से कांग्रेस के केएल शर्मा ने स्मृति इरानी को करीब 55 हजार मतों से शिकस्त दी। 2022 में महाराजी प्रजापति को 88217, डा. संजय सिंह को 70121, कांग्रेस के आशीष शुक्ल को 14080 और बसपा की रागनी तिवारी को 10202 मत मिले थे।
तिलोई में भाजपा के मयंकेश्वर शरण सिंह 2017 और 2022 में लगातार जीते।
2022 में भाजपा को 99472, सपा को 71643, कांग्रेस को 21978 और बसपा को 6120 मत मिले। 2027 में सपा-कांग्रेस का संयुक्त प्रत्याशी उतरा तो भाजपा की चुनौती बढ़ सकती है। जगदीशपुर में भाजपा के सुरेश पासी 2017 और 2022 में विधायक चुने गए। 2022 में उन्हें 89315, कांग्रेस के विजय पासी को 66491, सपा की विमलेश सरोज को 27971 और बसपा के जितेंद्र कुमार को 10198 मत मिले थे।
जगदीशपुर को छोड़ कहीं भी मुख्य मुकाबले में नहीं रही कांग्रेस
कांग्रेस भले ही जिले की चारों सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही है पर 2022 में हुए विधान सभा चुनाव में वह जगदीशपुर सुरक्षित सीट को छोड़ दें तो कहीं भी मुख्य मुकाबले तक में नहीं थी। जायस नगर निकाय व आम चुनाव 2024 में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत से उत्साहित कांग्रेस संगठन विधान सभा चुनाव 2027 में चारों सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी बता रहा है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहाकि दोंनों शीर्ष नेतृत्व को जो भी फैसला होगा,उसी के अनुरूप हम आगे बढ़ेंगे और जिले की सभी सीटों पर गठबंधन की जीत के लिए दोनों दल काम करेंगे।