विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यूपी चुनाव से पहले ही सपा की साइकिल पंचर', स्मृति ईरानी ने कसा तंज; कांग्रेस पर भी साधा निशाना

Published: Thu, 15 Oct 2026 10:34 AM (IST)

समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। स्मृति इरानी ने कहा कि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा के तीन बागी विधायक भाजपा में शामिल हुए।

  2. स्मृति इरानी ने सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना।

  3. विधायकों ने मोदी-योगी सरकार के विकास की सराहना की।

जागरण संवाददाता, अमेठी। समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हुए। सदस्यता ग्रहण समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि यूपी में चुनाव से पहले ही साइकिल पंचर हो गई है।

उन्होंने सपा के साथ कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। राहुल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो दूसरों के सहयोग के बिना अमेठी नहीं जीत सकते, वे यूपी जीतने की बात करते हैं।

इससे पहले गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के आवास मंगलम पर अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय प्रताप सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल हुए। 2022 के विधानसभा चुनाव में तीनों विधायक सपा के टिकट पर जीतकर सदन पहुंचे थे।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। स्मृति इरानी ने कहा कि भाजपा अनुशासन में चलने वाली पार्टी है और समाज को एकजुट रखते हुए सभी को साथ लेकर चलती है। पार्टी नेतृत्व का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होता है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग लोकतंत्र को सवालों के दायरे में लाना चाहते हैं, लेकिन जब तक भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, वे भारत के लोकतंत्र का अपमान नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता से 47 साल से दूर कांग्रेस के लोग कितने भी प्रयास कर लें, अपने युवराज को शहंशाह नहीं बना पाएंगे। स्मृति इरानी ने सांसद रहते हुए अमेठी में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

पंकज चौधरी ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह देश की राजधानी को संग्राम भूमि बनाने पर तुला है। उन्होंने कहा कि जाति की राजनीति करने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव को आत्ममंथन की जरूरत है। अमेठी-रायबरेली किसी परिवार की जागीर नहीं है और सपा-कांग्रेस को रसातल में भेजने का समय आ गया है।

उनके मुताबिक, पांच साल में स्मृति इरानी ने अमेठी का जितना विकास किया, उतना गांधी परिवार 60 साल में नहीं कर पाया। आज देश, प्रदेश और अमेठी-रायबरेली का तेजी से विकास हो रहा है। भाजपा में शामिल हुए तीनों विधायकों ने कहाकि मोदी व योगी सरकार में देश व प्रदेश के साथ ही उनके अपने क्षेत्र का भी तेजी से विकास हो रहा है।

यह भी पढ़ें- आधिकारिक रूप से भाजपा के हुए सपा के बागी तीन विधायक, अमेठी में स्मृति ईरानी व पंकज चौधरी ने किया स्वागत