किसानों को 15.13 करोड़ के फसली ऋण स्वीकृत
किसान मेले के माध्यम से खेतीबाड़ी की नवीन जानकारियां दी गईं।
अमेठी : जिले के चार ब्लाक मुख्यालय पर किसान कल्याण मिशन के तहत किसान मेला, गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुसाफिरखाना में राज्य मंत्री व विधायक सुरेश पासी ने मेले का शुभारंभ किया। वहीं, चारों ब्लाकों में 97 किसानों का 15.13 करोड़ का फसली ऋण स्वीकृत हुआ।
मंत्री ने मेले का उद्घाटन करने के बाद कृषि, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, बाल विकास, ग्राम विकास, पंचायतीराज, वन आदि विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। मेले में कृषि वैज्ञानिक डा. आरके आंनद ने किसानों को रबी फसलों में लगने वाले कीट, रोग नियंत्रण एवं बचाव की जानकारी एवं कृषि में विविधीकरण को बढावा देने की जानकारी दी। मेले में प्रगतिशील किसानों द्वारा किसानों के सम्मुख अपने अनुभवों को साझा किया।
किसानों की आमदनी दोगुना करना उद्देश्य :
भादर प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड प्रांगण में बुधवार को किसान कल्याण मिशन के तहत किसान मेला, गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने फल, साग, सब्जी तथा विभिन्न उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उसके बाद उपस्थित किसानों को संबोधित किया। कहा कि किसानों की आमदनी दोगुना करने का सरकार की मंशा है, जिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उसके बाद कई किसानों को कृषि से संबंधित उपकरण भी प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रमुख भादर कृष्ण कुमार जायसवाल ने शिवदास, बचना देवी, त्रिबेनी, शिवशंकर आदि किसानों को कस्टम हायरिग केंद्र थ्रेसर आदि उपकरण प्रदान किए। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, खंड विकास अधिकारी भादर हरिश्चन्द्र सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, आशा बाजपेयी पवन ओझा, डॉ अजय मिश्र व दयाराम यादव आदि किसान मौजूद थे।
किसान कल्याण मेला लगा :
जामो प्रतिनिधि के अनुसार किसानों को तकनीकी व अन्य जानकारी उपलब्ध कराने के लिए किसान कल्याण मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कई विभागों द्वारा स्टाल लगाया गया। उद्घाटन भाजपा प्रवक्ता चन्द्र मौली सिंह ने किया। मेले में कृषि विभाग, पशुपालन, बाल विकास, बैंक ऑफ बड़ौदा जामो, मछली पालन, सिचाई विभाग ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर डॉ. एपीएस पशुपालन विभाग नन्दमहर, कृषि विभाग प्रभारी बृजेश मिश्र व अरविद तिवारी सहित तमाम किसान शामिल रहे।
36 किसानों को मिला ऋण :
किसान कल्याण मिशन के तहत ऋण शिविर का आयोजन किया गया था। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने 36 किसानों और रोजगार के लिए 63 लाख 84 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान की गई।
शाखा प्रबंधक सीतासरन रावत ने बताया कि बुधवार को बांटे गए ऋण स्वीकृति पत्र डेयरी उद्योग, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, पं दीन दयाल उपाध्याय योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से संबंधित हैं।