अंबेडकरनगर में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, बुलडोजर पर पथराव
Revenue And Nagar Palika Team Attacked: अकबरपुर नगर पालिका के मीरानपुर मोहल्ले के रसूलाबाद में सरकारी भूमि पर सुशीला, रणवीर, ...और पढ़ें
HighLights
नायब तहसीलदार के देर से आने पर लौट गई थी पुलिस टीम, तब हुई घटना
महिलाओं ने बुलडोजर पर चलाए ईंट-पत्थर और की मारपीट
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग व नगर पालिका की संयुक्त टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। महिलाओं ने बुलडोजर पर ईंट-पत्थर चलाए। मारपीट शुरू कर दी। बिना अतिक्रमण हटाए टीम वापस लौट आई।
अकबरपुर नगर पालिका के मीरानपुर मोहल्ले के रसूलाबाद में सरकारी भूमि पर सुशीला, रणवीर, सत्य प्रकाश ने छप्पर डालकर मकान बना रखा है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए अमित कुमार पांडेय ने अकबरपुर एसडीएम से शिकायत की थी। इस पर सदर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।
इसी क्रम में कार्रवाई की जानी थी। इसके लिए राजस्व निरीक्षक मनोज तिवारी व नगरपालिका के अतिक्रमण विरोधी टीम के प्रभारी अनिल मिश्र पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंच गए। काफी देर तक प्रतीक्षा के बावजूद नायब तहसीलदार देवेंद्र श्रीवास्तव नहीं आए, इसके चलते पुलिस टीम लौट गई।
जब नायब तहसीलदार पहुंचे तो वहां मौजूद टीम ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, एकत्रित महिलाओं ने विरोध करते हुए बुलडोजर पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। मारपीट का भी आरोप है। बारिश और हंगामा बढ़ता देख टीम को बिना कार्रवाई के ही बैरंग लौटना पड़ा।
अतिक्रमण विरोधी टीम के प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे, लेकिन नायब तहसीलदार के आने में विलंब होने पर पुलिस टीम वापस चली गई। इसके बाद विवाद शुरू हुआ। बारिश की वजह से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अब आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी। अभी इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई है।
