रातभर कोहरा और सुबह धूप खिलने से राहत
मौसम के मिजाज में इन दिनों उतार-चढ़ाव जारी है। रातभर घना कोहरा छाया रहा।
अंबेडकरनगर: मौसम के मिजाज में इन दिनों उतार-चढ़ाव जारी है। रातभर घना कोहरा छाया रहा। शाम ढलते ही सड़कों पर धुंध इतनी बढ़ गई, कि वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण गलन के बीच सुबह से चटख धूप खिल रही है। इससे जनजीवन को राहत मिली है। तापमान में इजाफा होने से सर्दी मद्धिम पड़ी है जबकि यातायात अभी पटरी पर नहीं लौट सका है। कोहरे के चलते सड़क पर वाहन रेंगते नजर आते हैं। वहीं ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से विलंबित चल रही हैं। रात में कोहरा हावी होने से लोग अपना सफर स्थगित कर दिन में निकल रहे हैं।
बुधवार शाम से हावी हुआ कोहरा रात में घना हो गया। इसके साथ में बर्फीली हवा चलने से ठिठुरन और गलन बढ़ गई। वहीं सुबह होने पर काले बादल घुमड़ने लगे। बारिश के प्रबल होते आसार के बीच लोग घर से निकलने में कतराने लगे। सर्दी से बचने के लिए लोग पूरा इंतजाम कर चुके थे। हालांकि कुछ ही देर में काले बादल लौटे और चटख धूप निकल गई। इसके बाद शाम तक मौसम सुहाना रहा। हालांकि शाम ढलते ही फिर से काले बादल मंडराने लगे। जिले का तापमान अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने इस सप्ताह तापमान में तेजी से सुधार होने का अनुमान लगाया है। एसडीएम अकबरपुर मोइनुल इस्लाम भी लगातार अलाव की व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। रात में वह तहसील तिराहा, जिला अस्पताल, रैनबसेरा पहुंचे। यहां मौजूद लोगों से सर्दी से बचावों की जानकारी ली।