गांव से लेकर शहर तक सड़कों पर दिखा खाकी का खौफ
विशेष चेकिग अभियान में 70 वाहनों पर कार्रवाई हुई। एक लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
अंबेडकरनगर : पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर जिलेभर में सोमवार को सघन वाहन चेकिग अभियान चलाया गया। अकबरपुर नगर कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बैंक के साथ तहसील तिराहा, पटेलनगर समेत अन्य चौराहों पर वाहन चेकिग अभियान चलाया। अभियान से दुपहिया चालकों में खलबली मची रही। कई वाहन चालक पुलिस के अभियान को देख दूसरे रास्ते से निकल भागे। विशेष चेकिग अभियान में बिना मास्क के वाहन चलाने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया गया। यातायात निरीक्षक विजय तिवारी ने बताया कि कुल 20 वाहनों पर 15 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
बसखारी थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय की अगुवाई में गरुड़ वाहिनी ने चेकिग अभियान चलाया। संदिग्ध वाहनों को चेक करने के साथ बिना मास्क व हेलमेट के वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया। उपनिरीक्षक शिव सिंह पाल की टीम ने पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इस दौरान उपनिरीक्षक नौशाद अली खान, बाबूलाल, अनिल कुमार वर्मा, कांस्टेबल रोहित सिंह, अनिल कुमार, अमलेश यादव, रामबली यादव, नवीन कुमार राय आदि मौजूद रहे।