15 दिन बाद भी नहीं शुरू हो सकी धान की खरीद
धान खरीद को लेकर मंडी विभाग सरकार की मंशा पर पानी फेर रहा है।
अंबेडकरनगर: धान खरीद को लेकर मंडी विभाग सरकार की मंशा पर पानी फेर रहा है। प्रशासन की लाख सख्ती के बावजूद 15 दिनों बाद भी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसान निराश होकर घर लौट रहे हैं। किसानों को उनकी फसल का उचित दाम दिलाने के लिए जगह-जगह क्रय केंद्र बनाए गए हैं। मंडी समिति सिझौली अकबरपुर में भी मंडी समिति का एक कांटा लगाया गया है। इस केंद्र की शुरुआत तकरीबन 15 दिन पहले हुई थी, लेकिन अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई। किसान वीरेंद्र कुमार, संतोष, राम आशीष आदि ने बताया कि क्रय केंद्र पर गए थे, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि अभी यहां खरीदने की व्यवस्था नहीं है। चार से पांच दिन बाद आइए, तब नंबर लगाया जाएगा। मंडी सचिव सुशील कुमार ने बताया कि केंद्र अभी जल्दी बना है। व्यवस्था पूरी की जा रही है। शीघ्र ही खरीद शुरू होगी।