'पूर्वांचल और आगामी चुनावों में सपा के सूपड़े साफ', अंबेडकरनगर में बोले मंत्री ओपी राजभर
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अंबेडकरनगर दौरे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखे हमले किए।

जन चौपाल में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को सड़क निर्माण का मांग पत्र देते ग्रामीण।
HighLights
राजभर ने अखिलेश यादव को आजम खान के मामलों का जिम्मेदार ठहराया।
सपा-कांग्रेस सरकारों पर वक्फ संपत्तियों की लूट का आरोप लगाया।
आगामी चुनावों में सपा की करारी हार की भविष्यवाणी की।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर अंबेडकरनगर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखे राजनीतिक हमले किए। आजम खान के मामलों, वक्फ संपत्तियों, प्रेरणा स्थल पर जलभराव और आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने सपा पर हमला बोला।
सपा सरकार बनने पर आजम खान पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के वादे पर राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि आजम खान को फंसाने वाले खुद अखिलेश यादव ही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जौहर यूनिवर्सिटी बन रही थी, तब सरकारी धन और सरकारी जमीन का इस्तेमाल हुआ, लेकिन उस जमीन को विश्वविद्यालय के नाम क्यों नहीं कराया गया।
राजभर ने पिछली सपा और कांग्रेस सरकारों पर वक्फ संपत्तियों की खुली लूट का आरोप लगाया उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस सरकारों के दौरान वक्फ बोर्ड और सरकारी संपत्तियों को बेहद सस्ते दामों (हजारों रुपये की लीज) पर अपने नाम करवा लिया गया।
उन जमीनों पर होटल, मॉल और दुकानें बनाकर लाखों-हजारों का किराया वसूला जा रहा है, जबकि सरकारी कागजों में नाममात्र का किराया दिखाया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वक्फ की संपत्ति (अल्लाह की संपत्ति) को सपा राज में कौड़ियों के भाव लूटा गया और अब वे दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।
मंत्रियों द्वारा अधिकारियों की बात न सुने जाने के सवाल और हालिया घटनाओं पर राजभर ने कहा यदि कोई मंत्री नाराजगी जता रहे हैं, तो हो सकता है कि कहीं कमी रही हो। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई कार्यकर्ता गलत काम या अपराध करता है, तो उसे कानूनी कार्रवाई से बचाया नहीं जा सकता।
कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई मंत्री हो, पूर्व प्रधानमंत्री हों या लालू यादव, कानून के दायरे में सबको आना पड़ता है। भारी बारिश के कारण जलभराव एक प्राकृतिक स्थिति है। पुराने समय के खुले नाले अब अवैध निर्माण और कब्जों की वजह से संकरे या बंद हो चुके हैं, जिससे पानी निकासी में समय लगता है।
उन्होंने तंज कसा कि बिहार और नेपाल में आई बाढ़ और भारी तबाही के लिए भी क्या अखिलेश यादव भाजपा को ही जिम्मेदार ठहराएंगे। सपा के सरकार बनाने के दावों को खारिज करते हुए चुनावी गणित पर कहा कटेहरी उपचुनाव समेत अकबरपुर, टांडा, जलालपुर और आलापुर विधानसभा पर सपा सभी सीटें हारेगी। गोरखपुर में से सपा का खाता भी नहीं खुलेगा। वाराणसी में सपा अधिकतम 4 सीटों पर ही सिमट जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता भूली नहीं है कि जब मुजफ्फरनगर दंगों में लोग मर रहे थे, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री सैफई में नाच देख रहे थे। आज पश्चिमी यूपी (एटा, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज) में योगी सरकार के चलते कानून का राज है, और शाम को होने वाली लूट-छिनैती पूरी तरह बंद हो चुकी है।
