टांडा-बांदा एनएच पर अब चारपहिया वाहनों पर भी रोक
तमसा का जलस्तर कम होने के साथ ही शहर में दुश्वारियां बढ़ने लगी हैं।
अंबेडकरनगर: तमसा का जलस्तर कम होने के साथ ही शहर में दुश्वारियां बढ़ने लगी हैं। गत दिनों टांडा-बांदा राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर भारी वाहनों पर रोक के बाद मंगलवार को सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। यातायात निरीक्षक शिवदीपक ने बताया कि टांडा की ओर से आने वाले वाहनों को न्योतरिया से बसखारी मार्ग के रास्ते बरियावन की तरफ, जबकि सुलतानपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को जलालपुर बाइपास से डायवर्ट किया गया है।
शहजादपुर नई सड़क पर मंगलवार को गंदे पानी के बीच से अहेथा गांव के शिक्षक चंद्र प्रकाश अपनी बाइक को पैदल खींचकर ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बाइक के इंजन में पानी भर जाने से बीच रास्ते में यह बंद हो गई। बामुश्किल खींचकर बाहर निकाल पाया हूं। इसी दौरान लोरपुर के फेंकू भी वहां पहुंच बोल पड़े, अरे भैया चौक से जाने पर कई घंटे तक जाम में फंसना पड़ता है। मजबूरी में गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
शहर के नालों का गंदा पानी बढ़ा रहा संक्रमण : शहर के 25 वार्डों में बने छोटे-बड़े 36 नालों का गंदा पानी तमसा में गिर रहा है। इसके चलते बाढ़ का पानी काला पड़ने से दुर्गंध देने लगा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। नगर पालिका द्वारा करीब एक सप्ताह पूर्व एक-दो दिन कीटनाशक का छिड़काव कराया गया था। इसके बाद से नई सड़क पर छिड़काव नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों को अब संक्रमण का खतरा सताने लगा है।
बाढ़ पीड़ितों को बांटा गया राशन किट : बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए जिला प्रशासन के साथ ही नगर पालिका अकबरपुर ने मोर्चा संभाल लिया है। रेस्क्यू अभियान के साथ बाढ़ प्रभावितों के नुकसान का सर्वे करने में तहसील प्रशासन जुटा है। इंद्रलोक कालोनी के बरात घर में 55 लोगों को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज गुप्त ने कर्मचारियों की सहायता से राशन किट का वितरित कराया तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर सभी की समस्याएं सुन उनके निराकरण का आश्वासन दिया।