विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो माह बाद भी IPS अधिकारी की मां के हत्यारों की पहचान नहीं, पुलिस को विसरा रिपोर्ट का इंतजार

Published: Fri, 16 Oct 2026 02:20 PM (IST)

अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की हत्या और लूट के दो माह बाद भी हत्यारों ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या को दो माह बीते।

  2. हत्यारों की पहचान नहीं, पुलिस विसरा रिपोर्ट का इंतजार।

  3. 15 करीबियों से पूछताछ, दो संदिग्धों पर पुलिस की नजर।

जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां की हत्या और लूट की वारदात को दो माह बीत चुके हैं, लेकिन हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की पांच टीमें सिर्फ जांच में जुटी हैं। इंद्रा देवी के 15 करीबियों से कई दौर में पूछताछ की है। पुलिस अब दो लोगों को संदिग्ध मान रही है और मामले के राजफाश के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मालीपुर के धवरुआ गांव के मजरे रूढ़ा निवासी इंद्रा देवी का शव 16 अगस्त सुबह उनके घर में मिला था। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और पहने हुए आभूषण गायब थे। मामले में लूट और हत्या का केस दर्ज किया गया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया।

इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पहले गांव के विद्यालय और बाद में थाने में पूछताछ की गई, लेकिन पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। विसरा जांच के लिए 17 अगस्त को वाराणसी की लैब भेजा गया था। बताया जाता है कि रिपोर्ट मिलने में कम से कम 60 दिन लगते हैं।

पुलिस की निगाहें अब इसी रिपोर्ट पर टिकी हैं। टीमें अपने स्तर पर जानकारी जुटाने और संदिग्धों पर नजर रखने में लगी हैं।

यह भी पढ़ें- बांदा की एएसपी मेविस टाक बनीं सोनभद्र की अपर पुलिस अधीक्षक, 2022 बैच की हैं आईपीएस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन प्रवीण कुमार जांच की प्रगति रिपोर्ट लेते रहे हैं। घटना के दो दिन बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और आशुतोष मिश्र से बातचीत की थी। उनके साथ अयोध्या रेंज के डीआइजी सोमेन बर्मा भी थे।

आईपीएस अधिकारी की मां की मौत के मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के लिए भेजे गए विसरा की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

- अनूप सिंह, क्षेत्राधिकारी जलालपुर