घाघरा नदी काटने लगी किनारे, शारदा नहर उफानाई
अंबेडकरनगर: मानसूनी बारिश भले ही कमजोर पड़ी है, लेकिन घाघरा नदी एवं शारदा नहर में उफान है। घाघरा नदी किनारे काटने लगी है। आसपास की करीब 70 बीघा खेतिहर भूमि नदी में समाहित हो गई। शारदा नहर की उफान का पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा है। टांडा तहसील के बिहरोजपुर और मुस्तफाबाद गांव के पास पुलिया के उपर से नहर का पानी उफनाकर बह रहा है। यह हादसे का सबब बन सकता है।
देवरिया बाजार : आलापुर तहसील में घाघरा नदी के किनारे इटौरा ढोलीपुर व माझा कम्हरिया में सरयू नदी में तेजी से कटान कर रहे हैं। लगभग 70 बीघे खेतिहर जमीन सरयू नदी में समा गई है। काफी समय से यहां के किसान कम्हरिया घाट के पास बोल्डर लगवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन बाढ़ खंड ने ध्यान नहीं दिया है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उपजिलाधिकारी आलापुर रोशनी यादव ने बताया कि कम्हरिया व इटौरा ढोलीपुर क्षेत्र में कटान की जानकारी मिली है। इसके लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। बोल्डर आदि डालकर कटान को कम करने का प्रयास किया जाएगा
आलापुर व जलालपुर में लगेगा वर्षा मापक यंत्र : प्रत्येक दिन होने वाली वर्षा मापने के लिए तहसील मुख्यालयों पर यंत्र लगाए जाने का निर्देश शासन ने दिया है। यहां की पांच तहसीलों में अकबरपुर, भीटी व टांडा तहसील में वर्षा मापक यंत्र पहले से लगा है। इसमें से अकबरपुर तथा टांडा तहसील में लगे वर्षा मापक यंत्र लगे हैं। भीटी तहसील में लगा वर्षा मापक यंत्र अभी क्रियाशील नहीं है। जलालपुर और आलापुर तहसील में अभी वर्षा मापक यंत्र लगाया नहीं गया है। उप भूमि व्यवस्था आयुक्त अरुण कुमार शुक्ल ने वर्षा मापक यंत्र नहीं होने या क्रियाशील नहीं होने की सूचना प्रशासन से मांगी है। एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि भीटी तहसील में लगे वर्षा मापक यंत्र को क्रियाशील किया जाएगा। अन्य दोनों तहसीलों में जल्द इसे लगाया जाएगा। शासन को इसके स्थापना के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।