मतदाता बनाने बीएलओ अब घर आओ
, अंबेडकरनगर : लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की उम्मीदों को संजोए आगे बढ़ रहा मतदात
, अंबेडकरनगर : लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की उम्मीदों को संजोए आगे बढ़ रहा मतदाता नामावली संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान फिलहाल सुस्ती का शिकार है। बूथ दिवस पर ही इस अभियान की सफलता टिकी है। इसमें आगामी पहली जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी होने वाले सभी युवाओं को मतदाता बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार जिला निर्वाचन कार्यालय भी मशीनरी को साथ लेकर इसमें तेजी दिखाने में जुटी है। इसमें सबसे अधिक ध्यान महिला मतदाता बनाए जाने पर दिया जा रहा है। वजह आयोग के मानकों के अनुसार एक हजार पुरुष मतदाता पर 976 महिला मतदाता होनी चाहिए। हालांकि जिले में एक हजार पुरुष पर 855 महिला मतदाता हैं। ऐसे में सामान्य पुनरीक्षण व विशेष अभियान में बीएलओ समेत अफसरों की निगाह महिलाओं को अधिक संख्या में मतदाता बनाए जाने पर रही है। इसमें महिलाओं को मतदाता बनाए जाने में बढ़त तो दर्ज हुई लेकिन वांछित सफलता नहीं मिलने पर अब महाविद्यालयों की ओर रूख किया जाएगा। सबसे अहम बात है कि बूथ दिवस की सफलता के बाद घर-घर अभियान पर भी जोर दिए जाने से बात बनेगी। हालांकि अधिकारी तथा बीएलओ इसे लेकर सुस्त हो चुके हैं। उधर गांवों में बीएलओ का इंतजार हो रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गिरिजेश कुमार त्यागी का कहना है कि बीएलओ को सक्रिय करते हुए एसडीएम को समीक्षा के लिए कहा गया है। इसमें किसी प्रकार की अभी तक शिकायत नहीं मिली है। जनप्रतिनिधियों व जनता से शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-------------------
-भाजपा ने चलाया अभियान-
विद्युतनगर : मतदाता बनाने को लेकर चलाए गए अभियान को भाजपा ने धार देना शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा की अगुवाई में टांडा नगर के आधा दर्जन बूथों पर पहुंचे और युवाओं को मतदाता बनने तथा मतदान करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान केंद्र तथा प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में बताया। पात्र गरीबों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक होने को कहा। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश गुप्त, विपुल कुमार गुप्त, विवेक मोदनवाल, अंकित जयसवाल, रूपेश पटेल, चंद्रशेखर वर्मा आदि मौजूद रहे।