विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या सीमा पर 49.14 लाख रुपये में बनेगा भव्य दशरथनंदन द्वार, अंबेडकरनगर के पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:31 PM (IST)

अंबेडकरनगर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या सीमा पर यादवनगर में 49.14 लाख रुपये की लागत से भव्य दशरथ नंदन द्वार बनाया जाएगा।  

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. अयोध्या-अंबेडकरनगर सीमा पर बनेगा दशरथ नंदन द्वार।

  2. 49.14 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य।

  3. जयपुरी पत्थरों से बनेगा, सीएसआर फंड से वित्तपोषण।

संवाद सूत्र, अंबेडकर नगर। पर्यटन मानचित्र पर उभरते अंबेडकरनगर की पहचान को भव्यता देने के लिए अयोध्या-अंबेडकरनगर सीमा पर यादवनगर में फोरलेन मार्ग पर दशरथ नंदन द्वार बनाया जाएगा। पर्यटन विभाग, अयोध्या के उपनिदेशक ने जल निगम की कार्यदायी शाखा सी-एंड-डीएस को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है।

संस्था ने इसके लिए 49 लाख 14 हजार रुपये का आगणन तैयार किया है। पहले निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव बना था। जिला पर्यटन अधिकारी को भूमि और अभिलेखीय प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने द्वार की रूपरेखा और माडल तैयार कराया है। अयोध्या से जिले में प्रवेश करते ही यादव नगर तिराहे पर यह पहला भव्य द्वार आगंतुकों का स्वागत करेगा। इसका निर्माण जयपुरी पत्थरों से होगा और बजट की व्यवस्था कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) फंड से की जाएगी।

अयोध्या का अंबेडकरनगर के श्रवण धाम से धार्मिक संबंध है। मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम के पिता राजा दशरथ आखेट के लिए यहां आए थे। उनके तीर से श्रवण कुमार की मृत्यु हुई थी। इसके बाद श्रवण कुमार के माता-पिता ने राजा दशरथ को पुत्र-वियोग में मृत्यु का श्राप दिया था।

अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापित होने के बाद से दुनिया भर के श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या अंबेडकरनगर होकर गुजरती है। पूर्वांचल में काशी दर्शन के लिए जाने वाले और पूर्वी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि इनमें से 10 प्रतिशत पर्यटकों को सुविधाएं, संसाधन और आकर्षक नजारे देकर जिले में रोका जा सके, जिससे स्थानीय आर्थिकी को बल मिले। तिराहों को वीर सैनिकों की मूर्तियों, अशोक स्तंभ और स्वर्ण अश्व से सजाया गया है। प्रभारी पर्यटन अधिकारी अनुपम सिंह ने बताया कि भूमि और अभिलेखीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। निर्माण के लिए 49 लाख 14 हजार रुपये का आगणन तैयार है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।