घर-घर सर्वेक्षण करने पहुंचीं आशा कार्यकर्ता
122 टीमों ने दो दिन में 10 हजार 423 घर पहुंचकर जागरूक कर चुकी हैं
अंबेडकरनगर : कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। कम्युनिटी ट्रांसमिशन के खतरे को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर घर-घर सर्वेक्षण अभियान शुरू कर दिया है। इसमें घर-घर जाकर टीम बुखार, सांस रोगी को अलग तथा अन्य बीमारी से ग्रसित लोगों की ट्रैकिग कर रहे हैं। 122 टीमों ने दो दिन में 10 हजार 423 घर पहुंचकर जागरूक कर चुकी हैं।
आशा और एएनएम को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें घर पहुंचने पर दरवाजा की कुंडी, डोर बेल नहीं बजाना है बल्कि आवाज देकर बुलाना है। संक्रमण को देखते हुए मास्क, सैनिटाइजर विभाग ने मुहैया करा दिया है। इस दौरान कोरोना के लक्षण, बचाव से जागरूक कर घर के प्रत्येक सदस्य का स्वास्थ्य ब्यौरा दर्ज किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने कहा कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। इसलिए मास्क, बार-बार हाथ धोना, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना जरूरी है। सर्वेक्षण कर्मियों को सुरक्षा किट दिया गया है।