कठुआ में जवान की फायरिंग से अंबेडकरनगर के लाल की गई जान, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक जवान की फायरिंग में अंबेडकरनगर निवासी सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकित पांडेय शहीद हो गए।

HighLights
अंबेडकरनगर के अंकित पांडेय कठुआ फायरिंग में शहीद हुए।
सीआईएसएफ सहायक कमांडेंट जल विद्युत परियोजना में तैनात थे।
परिवार में इकलौते बेटे थे, ढाई साल का बेटा है।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में जवान द्वारा की गई फायरिंग में जान गंवाने वालों में अंबेडकरनगर निवासी सीआइएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकित पांडेय भी शामिल हैं। वे जल विद्युत परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे। घटना के बाद स्वजन शव लेने चले गए, इससे बुधवार को घर पर सन्नाटा पसरा रहा।
इब्राहिमपुर के दौलतपुर एकसरा के मठिया निवासी अंकित पांडेय की नियुक्ति साल 2016 में दारोगा के पद पर सीआइएसएफ में हुई थी। दो साल पहले विभाग में सहायक कमांडेंट के पद पर चयनित हो गए थे। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हाइड्रो प्लांट की सुरक्षा में तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक, इनके साथ एक सिपाही और उसकी पत्नी की भी तैनाती थी। किसी बात को लेकर उससे कई दिनों से अनबन चल रही थी। मंगलवार की शाम करीब सात बजे सिपाही ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें सहायक कमांडेंट समेत चार की मौत हो गई।
छह बहनों के बाद सबसे छोटे थे अंकित
पिता शिवप्रसाद पांडेय डिहवा दौलतपुर प्राथमिक विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। माता प्रमिला पांडेय गृहणी हैं। साधारण परिवार व रहन सहन वाले हैं। शिवप्रसाद पांडेय वर्षभर पहले बाइक दुर्घटना में घायल हो गए थे। कमर की हड्डी टूटने से बिस्तर पर पड़े हैं।
यह भी पढ़ें- सुरक्षाबलों को चकमा दे स्कूटी से नेपाल ले गए 808 ग्राम स्मैक, नेपाल पुलिस ने तीन तस्कर किए गिरफ्तार
अंकित छह बहनों के बाद सबसे छोटे इकलौते भाई थे। सभी बहनों को शादी हो चुकी है। अंकित की शादी ड्यूटी के दौरान हल्द्वानी में 2019 में हुई थी। एक पुत्र अगस्त ढाई वर्ष का है। पत्नी प्रियंका गृहणी हैं।
बचपन से रहे बाहर: अंकित पांडेय के जीजा नेवी में नौकरी करते थे। वे बचपन में ही उनके पास विशाखापट्टनम चले गए थे। जीजा की जहां तैनाती हुई, वहीं पढ़ाई-लिखाई किए।
