World Diabetes Day: अंबेडकरनगर में योग और आयुर्वेद के जरिए लोग डायबिटीज से पा रहे छुटकारा
अंबेडकरनगर में पतंजलि योग समिति योग और आयुर्वेदिक औषधियों के माध्यम से मधुमेह नियंत्रण में लोगों की मदद कर रही है।

पिछले 5 वर्षों में एक हजार से अधिक मधुमेह रोगियों को नियमित योगाभ्यास से लाभ मिला है।
HighLights
पतंजलि योग समिति अंबेडकरनगर में मधुमेह नियंत्रण हेतु योग कराती है।
पांच वर्षों में एक हजार से अधिक मधुमेह रोगी लाभान्वित हुए।
आयुर्वेदिक औषधियां प्रकृति परीक्षण के बाद आहार-विहार संग दी जाती हैं।
महेंद्र प्रताप सिंह, अंबेडकरनगर। भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अव्यवस्थित दिनचर्या के चलते मधुमेह के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमित योग और संतुलित जीवनशैली के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। जिला मुख्यालय पर संचालित पतंजलि योग समिति निशुल्क योगाभ्यास कराकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही है।
समिति का दावा है कि बीते पांच वर्षों में एक हजार से अधिक मधुमेह पीड़ितों को नियमित योगाभ्यास से लाभ मिला है। वहीं, आयुर्वेद विधा की दवा प्रारंभ करने के पूर्व प्रकृति परीक्षण कराया जाता है। जिला मुख्यालय पर वर्ष 2015 में गठित पतंजलि योग समिति से वर्तमान में करीब 10 हजार लोग जुड़े हैं। समिति के संचालक ऋषिराज योगी के अनुसार, योगाभ्यास के साथ आयुर्वेदिक पद्धति के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
अकबरपुर स्थित गीता काम्प्लेक्स, बसखारी रोड, सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीनगर, शहजादपुर के अलावा टांडा, जलालपुर और कटेहरी समेत विभिन्न स्थानों पर नियमित योग कक्षाएं संचालित होती हैं। आनलाइन माध्यम से भी लोग योग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। जिला संयोजक राजऋषि योगी ने बताया कि समिति के उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए मधुमेह नियंत्रण के साथ बच्चों में संस्कार विकसित करने के लिए संस्कारशाला और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
समिति से जुड़े लोगों का दावा है कि नियमित योगाभ्यास से कई मधुमेह पीड़ितों के रक्तशर्करा स्तर को नियंत्रित रखने में मदद मिली है।
नियमित योग से मिला लाभ
अकबरपुर निवासी राम अजोर वर्मा ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्हें मधुमेह नियंत्रित रखने में मदद मिली है। वहीं 55 वर्षीय शिवप्रसाद का कहना है कि वह आठ वर्षों से मधुमेह से पीड़ित हैं और योग व आयुर्वेदिक उपचार अपना रहे हैं। दिनेश कुमार यादव, राम प्रताप सिंह, राम लखन अग्रहरि और विनोद कुमार ने भी नियमित योगाभ्यास से स्वास्थ्य में सुधार होने की बात कही।
आहार-विहार निर्धारित करते हुए दी जातीं औषधियां
राजकीय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि किसी भी शुगर पीड़ित को एकाएक एलोपैथ दवा नहीं छुड़ाई जाती है बल्कि धीरे-धीरे कम की जाती है। बताया कि रोगी का पहले प्रकृति परीक्षण कराया जाता है और इसी जांच के आधार पर आहार-विहार निर्धारित करते हुए आयुर्वेदिक औषधियां दी जाती हैं।
लक्षण व बचाव
मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश राना ने बताया कि भूख ज्यादा लगना, बार-बार पेशाब लगना, थकान, वजन बढ़ना आदि लक्षण होने पर डाक्टर की सलाह लेनी चाहिए। चीनी, चाय से परहेज, खान-पान में सुधार करते हुए योग करके इसके प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।