विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों ने की फायरिंग, बाइक में टक्कर से राहगीर की मौत

Published: Mon, 05 Oct 2026 05:38 PM (IST)

अंबेडकरनगर में तमंचे के बल पर मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों ने फायरिंग की और एक राहगीर की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

HighLights

  1. बदमाशों ने तमंचे के बल पर मोबाइल छीनकर फायरिंग की।

  2. भागते समय बाइक की टक्कर से राहगीर महेंद्र यादव की मौत।

  3. पुलिस ने चार बदमाशों को अवैध हथियारों सहित हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े युवक से मोबाइल छीन लिया। फायरिंग कर तमंचा लहराते हुए भाग रहे बदमाशों ने राहगीर की बाइक में टक्कर मार दी। इससे राहगीर की मौत हो गई।

पुलिस चार बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एक बदमाश भाग गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध असलहा व चार मोबाइल बरामद हुआ है। घटना से बाजारवासियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

आलापुर के बरमसापुर गांव का युवक सलिल मौर्य सोमवार को दोपहर में खेत की सिंचाई कर रहा है। दो बाइक से पांच बदमाश पहुंचे और तमंचे के बल पर मोबाइल छीन कर भागने लगे। युवक ने शोर मचाया तो राहगीरों ने पीछा किया। तेज रफ्तार बाइक से भाग रहे बदमाशों ने फायरिंग किया।

इस दौरान संतुलन बिगड़ने से डगडहवा चौराहे के निकट सामने से आ रहे संतकबीरनगर के घनघटा के शनिचरा बाजार निवासी महेंद्र यादव की बाइक में टक्कर मार दिया। इससे राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसी दौरान बदमाशों की दूसरी बाइक भी भिड़ गई। इससे पांचों बदमाश गिर गए। दुर्घटना के दौरान बदमाशों का तमंचा नीचे गिर गया। इस दौरान राहगीरों और बाजारवािसयों ने साहस दिखाते हुए चारों बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि एक भागने गया।

वहीं, घायल राहगीर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वह फेरी लगाकर गांवों में बिस्किट आदि सामान बेचते थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया है।

मृतक के पुत्र नरेंद्र यादव ने पुलिस को घनघटा के हरिवंशपुर निवासी विजय निषाद के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ल ने बताया कि मोबाइल छीने जाने की जानकारी मिली है। मृतक के पुत्र ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पति-पत्नी के विवाद में 'जकड़ा' मासूम! पैर में जंजीर और ताला डालकर बिस्तर पर छोड़ा; मामले की जांच में जुटी मेरठ पुलिस