विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में 1100 बीघा जमीन पर जल्द बनकर तैयार होगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, पराली से बनेगी बायो गैस

Published: Sun, 06 Sep 2026 12:20 PM (IST)Updated: Sun, 06 Sep 2026 12:24 PM (IST)

अंबेडकरनगर में 1100 बीघा भूमि पर औद्योगिक गलियारा आकार ले रहा है, जहां रिलायंस समूह का कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) प्लांट जल्द उत्पादन शुरू करेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. अंबेडकरनगर में 1100 बीघा औद्योगिक गलियारा आकार ले रहा है।

  2. रिलायंस का CBG प्लांट पराली से गैस उत्पादन करेगा।

  3. किसानों की आय बढ़ेगी, स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। जहां खेती-किसानी होती थी, बंजर भूमि थी, उस पिछड़े क्षेत्र में 1100 बीघा भूमि में औद्योगिक गलियारा आकार लेने लगा है। इसमें सबसे पहले औद्योगिक इकाई कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट में उत्पादन शीघ्र शुरू होने वाला है।

सबसे खास बात यह है कि इस गैस का उत्पादन उस सामग्री से होगा, जो अब तक प्रदूषण का कारण बनते थे। स्वच्छता पर ग्रहण थे। धान की पराली, पत्तियां व गन्ने की खोई का उपयोग होगा। इससे किसानों की आय भी बढ़ेगी। उन्हें खेत में पराली जलाने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

यह प्लांट रिलायंस समूह के 11 प्लांटों में शामिल है, अगले महीने उत्पादन शुरू होने की दिशा में कार्य तेजी से हो रहा है। इसी तरह से औद्योगिक गलियारे में टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, अदाणी एनर्जी के साथ जिला स्तर के व्यापारी भी राइस मिल, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए यूपीडा की वेबसाइट पर आवेदन कर रहे हैं।

अकबरपुर ब्लॉक के बेवाना के ग्रामीण क्षेत्र को अब औद्योगिक गलियारे का स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई है। इसके लिए यूपीडा ने भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। इसकी स्थापना से नामचीन कंपनियों में रोजगार मिलने के साथ स्थानीय ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार का द्वार खोलेगा।

वर्तमान में औद्योगिक गलियारे के क्षेत्र में रिलायंस बायो एनर्जी कांप्लेक्स का शुभारंभ सितंबर-अक्टूबर माह में प्रस्तावित है, इसके साथ ही उक्त कांप्लेक्स से लगभग डेढ़ किलोमीटर में पराग का पशु आहार कारखाना संचालित है।

औद्योगिक गलियारे में यह कंपनियां लगाएगी कारखाना

उद्यमी मित्र अखिलेश पटेल ने बताया कि टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, अदाणी एनर्जी के साथ श्याम इंडस्ट्रीज, यशोदा फूड प्राइवेट लिमिटेड, जय भवानी नमकीन, इट्रास फार्मासेटुकल प्राइवेट लिमिटेड, श्रेया इंवायरमेंटल, फ्रोंजल फ्योर मिल प्राइवेट लिमिटेड, एसएम इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड, टैगो फ्लेक्स आदि कंपनियां अपना-अपना उद्योग एवं कारखाना लगाने के लिए यूपीडा के साइट में आवेदन कर रही है।

ग्रामीणों में खुशी व स्वरोजगार की उम्मीद

औद्योगिक गलियारे के निकट सस्पना गांव के अमरजीत वर्मा, दिनेश कुमार ने बताया कि अधिग्रहण में बंजर भूमि जो बेकार थी उसका बहुत ही अच्छी कीमत मिली। इसके बाद अब कारखाना लगने के बाद उसमें काम मिलने के साथ अपना स्वयं दुकान आदि का संचालन करने की उम्मीद है।

खानजहांपुर के अशफाक, नन्हेंलाल, सुनील कुमार ने बताया कि कारखाना लगने से यहां के लोगों को फायदा होगा। इससे आसपास गांवों के लोगों में खुशी है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा यह उम्मीद लगाए बैठें हैं। इसके साथ गलियारे में अजमलपुर, नूरपुर कला, गौरी बड़ाह, जगदीशपुर मुस्लिम गांवों को शामिल किया गया है।

सिंगल विंडो से कार्यों में आई तेजी

जिला उद्योग उपायुक्त संदीप केसरवानी ने बताया कि सिंगल विंडो और इंवेटर्स यूपी में प्रोजेक्ट शामिल होने से इसका लाभ मिला है। इससे कारखाना स्थापित करने वाले एनओसी व अन्य प्रपत्र सिंगल विंडो से जारी किया जाता है।

यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर: पुलिस मुठभेड़ में अयोध्या का बदमाश गिरफ्तार, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के मामले में था फरारी