अंबेडकरनगर: पुलिस मुठभेड़ में अयोध्या का बदमाश गिरफ्तार, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के मामले में था फरारी
अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में अयोध्या का दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का वांछित बदमाश शीबू खान उर्फ शकील घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी।

पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली।
HighLights
दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का वांछित बदमाश घायल।
पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल।
आरोपी शीबू खान उर्फ शकील गिरफ्तार, हथियार बरामद।
संवाद सूत्र, भीटी (अंबेडकरनगर)। दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में वांछित चल रहे आरोपित की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उसके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। आरोपित विरुद्ध अयोध्या में आठ व भीटी में एक समेत कुल नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
अयोध्या के हैदरगंज के लमुइया गांव का शीबू खान उर्फ शकील बदमाश है। गत दो सितंबर को भीटी के एक गांव की किशोरी के साथ दुष्कर्म कर वह फरार हो गया था।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी थी। शनिवार शाम पुलिस टीम को सूचना मिली कि वह चनहा से हैदरगंज की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर जा रहा है। इस पर एसओजी और भीटी की संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
पकड़े जाने के डर से वह बाइक लेकर कच्चे, उबड़-खाबड़ रास्ते पर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई और वह पैदल भागकर ओदी रतनाथपुर की बाग में छिप गया और पुलिस टीम पर लगातार दो फायर किया।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इससे पुलिस की गोली आरोपित के पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने तत्काल उसे भीटी सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सीओ लक्ष्मीकांत मिश्र ने कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपित के विरुद्ध अयोध्या में चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट बलवा आदि के मुकदमे दर्ज हैं।
