अंबेडकरनगर में फल विक्रेता और परिवार पर कार सवारों का हमला, पैसे मांगने पर हुई मारपीट
अंबेडकरनगर के भीटी में दिनदहाड़े कार सवारों ने एक फल विक्रेता, उसके बेटे और चचेरे भाई की पिटाई कर दी।

HighLights
अंबेडकरनगर में फल विक्रेता, पुत्र व भाई की पिटाई।
कार सवारों ने आम के पैसे मांगने पर की मारपीट।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
जागरण संवाददातात, अंबेडकरनगर। कार सवार पांच लोग ने दिन-दहाड़े फल विक्रेता, उसके पुत्र व चचेरे भाई पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य की पिटाई कर दी। इससे चौराहे पर अराजकता का माहौल हो गया।
आरोप है कि कार सवार पीड़ित की जेब से करीब दस हजार रुपये निकालकर सुलतानपुर की तरफ भाग निकले। घटना से आक्रोशित लोग चौराहे पर मार्ग जाम करने के लिए इकट्ठा हो गए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
महरुआ गोला के शिवराम गूगुरगंज चौराहे पर फल की दुकान लगाते हैं। सोमवार को दोपहर करीब दो बजे वह अपने पुत्र राजेश्वर राना के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी बीच अकबरपुर की तरफ से कार सवार चार-पांच लोग पहुंचे। उन्होंने दुकान से 15 किग्रा आम लिया और बिना पैसा दिए कार में बैठ गए।
शिवराम ने कार के पास पहुंचकर पैसा मांगा तो गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर कार से उतरकर लात-घूंसे से पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पुत्र व भाई रामभवन की भी पिटाई कर घायल कर दिया। एक निजी चिकित्सालय में उनका इलाज चल रहा है।
आक्रोशित स्थानीय लोग ललकारते हुए लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख हमलावर कार में सवार होकर तेज गति से भाग निकले। कार पर आजमगढ़ का नंबर था।
थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला पैसे को लेकर मारपीट का प्रतीत हो रहा है। रुपये छीनने की बात संदिग्ध है। जांच व कार्रवाई की जा रही है।
