त्योहारों पर अंबेडकर नगर के निवासियों की वापसी की राह मुश्किल, 30 नवंबर तक ट्रेनें फुल
त्योहारों पर अंबेडकर नगर लौटने वाले यात्रियों को टिकट नहीं मिल रहे हैं, 30 नवंबर तक ट्रेनें पूरी तरह बुक ...और पढ़ें
-1792845395391_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
त्योहारों के कारण 30 नवंबर तक ट्रेनें पूरी तरह बुक।
अकबरपुर स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में नो-रूम।
रोडवेज 25 अक्टूबर से अतिरिक्त बसें चलाएगा यात्रियों के लिए।
जागरण संवाददाता, अंबेडकर नगर। करवा चौथ, दीपावली और छठ पर घर लौटने की तैयारी कर रहे परदेसियों को टिकट नहीं मिल रहा है। नवरात्र और दशहरा खत्म होते ही बुकिंग शुरू हुई, लेकिन ट्रेनों में 30 नवंबर तक नो-रूम की स्थिति है। यानि वेटिंग का टिकट भी नहीं मिल रहा है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली दिल्ली, मुंबई, बिहार, पंजाब, कोलकाता और राजस्थान रूट की प्रमुख ट्रेनें फुल हैं। आरक्षण काउंटर और आनलाइन, दोनों पर प्रयास के बावजूद कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा।
सियालदह एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस और मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस में वेटिंग 250 के पार पहुंच गई है। अकबरपुर स्टेशन होकर 32 जोड़ी ट्रेनें आवागमन करती हैं। त्योहारों की भीड़ के आगे इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।
दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करने वाले अजय कुमार वर्मा ने बताया कि वह 15 दिनों से टिकट की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दीपावली के लिए कन्फर्म सीट नहीं मिली। मुंबई के कपड़ा कारखाने में काम करने वाले महरुआ के संतोष गौड़ ने कहा कि वह हर साल करवा चौथ पर घर आते हैं, लेकिन इस बार वेटिंग 150 से ऊपर है।
एजेंट 500 रुपये अधिक मांग रहे हैं। लुधियाना में मजदूरी करने वाले रामसूरत यादव ने बताया कि दीपावली पर बच्चों से मिलने का वादा किया था, लेकिन ट्रेन में जगह नहीं है। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा रेलवे बोर्ड करता है। टिकट काउंटर पर लाइन लगवाकर तत्काल टिकट दिए जा रहे हैं। स्पेशल ट्रेनें चलने पर यात्रियों को दो दिन पहले जानकारी दी जाएगी।
परदेसियों को घर पहुंचाने के लिए रोडवेज की अतिरिक्त बसें
करवा चौथ 28 अक्टूबर और दीपावली आठ नवंबर को है। परिवहन निगम 25 अक्टूबर से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, बस्ती और बलिया रूट पर अतिरिक्त बसें चलाएगा। बस डिपो इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि यात्रियों की संख्या के अनुसार बसें बढ़ाई जाएंगी। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 98 बसें संचालन में रखी जाएंगी। तैयारी पूरी है।
