अंबेडकरनगर में खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी का मिला शव, जंगली जानवर के हमले का शक
अंबेडकरनगर में खेत की सिंचाई करने गए एक दंपती बिशुनलाल और द्रोपती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
खेत में सिंचाई करने गए दंपती का शव मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की जांच में जुटी।
प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। खेत की सिंचाई करने गए दंपती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सोमवार की सुबह खेत के पास दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस और फारेंसिक टीम घटना की जांच में जुटी है। प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आजनपारा निवासी बिशुनलाल (40) अपनी पत्नी द्रोपती (38) के साथ रविवार रात करीब 11 बजे खेत की सिंचाई करने गए थे। सोमवार सुबह जब ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले तो सड़क के किनारे खेत में दोनों के शव पड़े देखे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पति-पत्नी की एक साथ मौत होने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के शवों को देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला किया होगा, जिससे उनकी मौत हो गई।
हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक दंपती के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटना का जायजा लिया।
