विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर में हादसे के बावजूद जर्जर नाव से नदी पार करने को मजबूर हैं स्कूली बच्चे और आम लोग

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:11 PM (IST)

अंबेडकरनगर के करमुल्लाहपुर में ग्रामीण और स्कूली बच्चे जर्जर नाव से जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।

अंबेडकरनगर में दुर्घटनाओं के बावजूद स्थानीय प्रशासन स्थायी समाधान नहीं कर पाया है।

अंबेडकरनगर में दुर्घटनाओं के बावजूद स्थानीय प्रशासन स्थायी समाधान नहीं कर पाया है।

HighLights

  1. करमुल्लाहपुर में जर्जर नाव से ग्रामीण और बच्चे नदी पार करते।

  2. पिछले पांच साल में दर्जन भर से अधिक दुर्घटनाएं हुईं।

  3. नाविकों की कमी और कम वेतन भी एक बड़ी समस्या।

संवाद सूत्र, भियांव (अंबेडकरनगर)। करमुल्लाहपुर के ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बिना मल्लाह के जर्जर नाव से नदी पार करने को मजबूर हैं। गत दिनों गांव की युवती नेहा नदी पार कर घर लौट रही थी, तभी बीच में नाव पलट गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। पिछले पांच साल में ऐसी दर्जन भर घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से लकड़ी का पुल बनाया था, जो तेज बहाव में बह गया। इस संबंध में ‘दैनिक जागरण’ में खबर प्रकाशित होने के बाद तत्कालीन एसडीएम हरिशंकर लाल ने नाव की व्यवस्था कराई थी। वर्ष 2023 में 13 मई को घाट पर रपटा पुल बनवाने की मांग को लेकर ग्रामीण बैनर लगाकर धरने पर बैठे थे।

ग्रामीण शेरबहादुर यादव के मुताबिक नदी के दोनों किनारों पर बांस लगाकर रस्सी बांधी गई है। नाव में सवार लोग नदी पार करते समय इसी रस्सी को पकड़े रहते हैं। नाव में बने सुराख तारकोल से बंद किए गए थे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वे फिर खुल गए।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश यादव ने बताया कि पानी में डूबी नाव को रोज सुबह 10 से 15 लोग मिलकर बाहर निकालते हैं। इसी नाव से बच्चों को स्कूल पहुंचाया जाता है। डूबने से बचने के लिए नाव में बाल्टी रखी जाती है, जिससे यात्री उसमें भरता पानी निकालते रहते हैं।

लेखपाल संतोष कुमार ने बताया कि घाट पर टांडा से मल्लाह बुलाया गया था, लेकिन उचित पारिश्रमिक न मिलने के कारण अब तक दो नाविक काम छोड़ चुके हैं। सरकारी दिहाड़ी 339 रुपये है, जबकि कोई नाविक 500 रुपये प्रतिदिन से कम पर काम करने को तैयार नहीं है। लेखपाल के अनुसार, वह अब तक 42 हजार 500 रुपये अपनी जेब से दे चुके हैं।

एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह का फोन रिसीव नहीं हुआ। विधायक प्रतिनिधि आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि विधायक राकेश पांडेय ने पहले विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया था। बाद में उन्होंने करमुल्लाहपुर घाट पर पुल बनाने सहित विभिन्न मांगों की सूची शासन को सौंपी थी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।