अंबेडकरनगर में खतरनाक स्तर पर वायु प्रदूषण, दिवाली के बाद AQI 400 के पार; मास्क पहनने की सलाह
अंबेडकरनगर में वायु प्रदूषण दिवाली के बाद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, जिससे श्वास और त्वचा रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है।

आधुनिकता और आतिशबाजी को इसका मुख्य कारण बताया गया है, और लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
HighLights
वायु प्रदूषण छह दिन में मध्यम से खतरनाक स्तर पर पहुंचा।
दिवाली आतिशबाजी के बाद अंबेडकरनगर की हवा हुई जहरीली।
बढ़ते प्रदूषण से श्वास और त्वचा रोगियों की संख्या बढ़ी।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। आधुनिकता की आड़ में घटती हरियाली, कंक्रीट के निर्माण और सड़कों से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। दीपावली पर आतिशबाजी से फैले प्रदूषण ने आने वाले संकट की ओर ध्यान दिलाया है। छह दिन में वायु प्रदूषण मध्यम स्तर से चार पायदान ऊपर चढ़कर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया।
आतिशबाजी थमने के बाद प्रदूषण में कमी आई है, लेकिन हवा की गुणवत्ता मध्यम और खराब स्तर के बीच रहने की आशंका है। यहां वायु गुणवत्ता पहले भी अस्वस्थकर स्तर तक पहुंचती रही है, हालांकि खतरनाक स्तर पर नहीं पहुंची थी।
धनतेरस से खतरनाक हुई हवा
धनतेरस को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 331 दर्ज किया गया था। सात नवंबर को यह 386 और आठ नवंबर को 424 तक पहुंच गया। इसके बाद इसमें तेजी से गिरावट आई। जिला मुख्यालय पर नौ नवंबर को 372 और मंगलवार को 175 एक्यूआइ दर्ज किया गया।
बीते वर्षों में प्रदूषण के आंकड़े
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों में वायु प्रदूषण में उतार-चढ़ाव दिखता है। वर्ष 2020 में एक्यूआइ 227 था, जो 45 प्रतिशत गिरकर 2021 में 124 पहुंच गया। इसके बाद 2022 में 139, 2023 में 105, 2024 में 89 और 2025 में 102 एक्यूआइ दर्ज किया गया। अभी तक का वार्षिक एक्यूआइ 136 है।
श्वांस और त्वचा रोगियों में बढ़ोतरी, लगाएं मास्क
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. योगेश वर्मा ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने से त्वचा और श्वांस के रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों में जकड़न और अस्थमा की स्थिति बिगड़ने की शिकायतों के साथ करीब 10 प्रतिशत नए मरीज और पांच प्रतिशत मरीज ओपीडी में आए। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी। आंखों में जलन और त्वचा रोगियों की संख्या भी बढ़ी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।