विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरे के बीच बिना फॉग लाइट दौड़ रहीं अंबेडकरनगर डिपो की बसें, टूटे शीशों के चलते ठिठुर रहे यात्री

Published: Fri, 13 Nov 2026 02:35 AM (IST)

अंबेडकरनगर में परिवहन निगम की खटारा बसों में यात्री सर्दी में ठिठुर रहे हैं, जबकि निगम सुगम सफर का दावा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. खटारा बसों में यात्री सर्दी में ठिठुरने को मजबूर।

  2. फाग लाइट, टूटी सीटें, खराब खिड़कियां बड़ी समस्या।

  3. निगम के दावों के विपरीत सुरक्षा पर गंभीर सवाल।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। : सर्दी के मौसम में धुंध संग गलन हावी होने लगी है। परिवहन निगम बसों में सुगम तथा सुरक्षित सफर का दावा करता है। इससे इतर खटारा बसों में यात्री ठिठुर रहे हैं। फाग लाइट नहीं लग सकी है। कुछेक पुरानी बसों के शीशे भी दुरुस्त नहीं हैं। खिड़कियों के शीशे तथा रिफ्लेक्टर पुराने हो गए हैं। रोडवेज की बसों से यात्रा के दौरान अब सुबह और रात में ठंड लग रही है। कुछ बसों की सीटें फटी हुई हैं। जैसे-तैसे जुगाड़ से टूटी सीटें लगाई गई हैं।

अकबरपुर परिवहन निगम के डिपो से 92 बसें संचालित की जाती हैं। कई बसों की खिड़कियों के शीशे सही नहीं होने से बंद नहीं होते हैं। कई बसों में तो बंद करने वाले क्लिप व शीशे में लगने वाला रबड़ ही गायब है। इससे यात्रा के दौरान बार-बार शीशा बंद करने पर भी खुल जाता है। नवंबर में ही मौसम में बदलाव दिखने लगा है। हर दिन सुबह-शाम हल्का कोहरा रहता है। रात होते कुछ जगहों पर घना कोहरा छा जाता है, इसके चलते दृश्यता घट जा रही है।

इक्का-दुक्का बसों को छोड़ दें तो अधिकांश बसों में फाग लाइट नहीं है। यदि है तो उनमें से अधिकांश काम नहीं कर रही हैं। दैनिक यात्री रामू वर्मा ने कहा शीशा बंद करो तो खुल जाता है, सफर में ठंडी हवा लगती है। बच्चों को लेकर सफर करना मुश्किल हो गया है। अयोध्या जाने वाली सीमा देवी ने कहा कि सीटें फटी है, बैठने में कपड़े फंस जाते हैं। किराया पूरा लेते हैं, सुविधा आधी भी नहीं मिलती है।

निगम की लापरवाही हादसे का सबब

सर्द मौसम तथा कोहरे में दुर्घटना से बचने के लिए रोडवेज की बसों में फाग लाइट, वाइपर, शीशे, खिड़की, रिफ्लेक्टर आदि अन्य उपकरण लगाने के लिए परिवहन निगम प्रति वर्ष लाखों रुपये खर्च करता है। डिपो में तैनात कर्मचारियों की लापरवाही के चलते अभी तक अकबरपुर डिपो की बसों में यह उपकरण नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में कोहरे के दौरान दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

अकबरपुर डिपो के प्रभारी एआरएम डीके चौबे ने कहा कि सभी बसों में फाग लाइट लगी है, शीशे, रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। साथ ही अन्य सामानों को बदलने का निर्देश कार्यशाला के कर्मचारियों को दिया गया है।
 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।