इंस्टाग्राम का प्यार पड़ा भारी, कोलकाता से बिहार ले जाकर खुला राज तो उड़ गए अंबेडकरनगर की युवती के होश
अंबेडकरनगर की एक युवती इंस्टाग्राम पर बिहार के शादीशुदा युवक से मिली और उसके साथ पश्चिम बंगाल व बिहार में रही। शादीशुदा होने का पता चलने पर मां ने अपहरण की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
युवती इंस्टाग्राम पर बिहार के शादीशुदा युवक से मिली।
वह युवक के साथ पश्चिम बंगाल और बिहार में रही।
मां ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, भीटी (अंबेडकरनगर)। महरुआ के एक गांव की युवती की करीब आठ माह पहले इंस्टाग्राम पर बिहार के एक शादीशुदा युवक से परिचय हुआ। फोन के जरिए बातचीत शुरू हुई। दोनों एक-दूसरे से अनजान थे, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर बातचीत का सिलसिला जारी रहा। गत छह जुलाई की सुबह आठ बजे युवती बिना बताए घर से पैदल निकली और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रह रहे युवक के पास पहुंच गई।
दोनों वहां दो माह तक साथ रहे। इसके बाद युवक उसे अपने पैतृक गांव, बिहार के किशनगंज ले गया। वहां युवती को पता चला कि युवक शादीशुदा है। गत 14 नवंबर को युवती ने मोबाइल फोन से अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवारजन उसे वापस लाने के लिए युवक के घर जाते रहे, लेकिन उसने मना कर दिया। परेशान मां ने बुधवार शाम अज्ञात युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि मामले की जांच और युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।