यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बारिश भी डिगा नहीं सकी युवाओं का हौसला

अंबेडकरनगर : पुलिस विभाग में सिपाही पद पर भर्ती के लिए पोस्ट आफिस से वितरित हो रहे आवेदनपत्रों को पाने के लिए शुक्रवार को भी युवाओं की भीड़ जमा रही। सुबह से लगातार हो रही बारिश भी युवाओं के हौंसले को डिगा नहीं सकी। प्रधान डाकघर से 886 आवेदन पत्र वितरित किए गए, जबकि टांडा से 14 सौ आवेदनपत्र वितरित किए जा चुके हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
जिले में पुलिस भर्ती के लिए प्रधान डाकघर के माध्यम से आवेदन पत्रों की बिक्री की जा रही है। इसके अलावा पूर्व में आवेदन कर चुके आवेदकों को भी निशुल्क आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यहां 10 हजार आवेदनपत्रों की पहली खेप पहुंची है। इसमें से शुक्रवार को 886 आवेदन पत्रों का वितरण किया गया। इसमें से 554 आवेदन नए आवेदकों को निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा पहले की भर्ती में आवेदन कर चुके 332 आवेदकों को निशुल्क आवेदन पत्र दिए गए। आवेदन पत्रों के वितरण के लिए डाकघर की ओर से पहले तीन काउंटर बनाए गए थे। शुक्रवार को महिलाओं के लिए बनाए गए अतिरिक्त काउंटर को खत्म कर दिया गया। ऑन लाइन आवेदन की सुविधा दिए जाने के कारण इस बार आवेदनपत्रों की कालाबाजारी करने वाले की आमद डाकघर में कम हुई है। इसके अलावा टांडा डाकघर से अबतक 14 सौ आवेदनपत्रों का वितरण किया जा चुका है। यहां दो हजार आवेदनपत्र वितरण के लिए उपलब्ध कराए गए थे। प्रभारी पोस्टमास्टर राजाराम यादव ने बताया कि आवेदन पत्रों की वितरण के लिए पर्याप्त काउंटर बनाए गए हैं। आवश्कता पड़ने पर इसे बढ़ा दिया जाएगा। मौजूदा समय में आवेदन पत्रों की कोई कमी नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
