रंग लगाने को लेकर हुआ झगड़ा, युवक को मारी गोली
होली पर रंग लगाने के विवाद ने बड़ा रूप तब ले लिया जब एक पक्ष की ओर से युवक को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला गोविंदपुर का है।
प्रयागराज : गोविंदपुर मुहल्ले में रंग लगाने को लेकर युवकों में झगड़ा हो गया। विवाद बढऩे पर अरविंद (20) पुत्र लालजी को गोली मार दी गई। पेट में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
कैसे हुई वारदात
शिवकुटी थाना क्षेत्र के भुलई का पूरा मुहल्ला निवासी अरविंद गुरुवार को रंग खेलने के लिए गोविंदपुर गया था। कहा जा रहा है डीजे पर डांस के दौरान ही रंग लगाने को लेकर किसी से विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी तो एक लड़का वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह साथियों के साथ आया और फायङ्क्षरग कर दी। एक गोली अरविंद के पेट में लगी तो मुहल्ले में खलबली मच गई। आनन-फानन में डीजे बंद हो गया और होलियारे भी इधर-उधर भाग निकले। खबर पाकर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी अरविंद को बेली अस्पताल ले गई। वहां हालत गंभीर होने पर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर ने कहा, डॉक्टरों ने चाकू मारने की पुष्टि की है
इंस्पेक्टर शिवकुटी ऋषिपाल का कहना है कि गोली मारने की बात सामने आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने चाकू की बात बताई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
चचेरे भाई-बहन को गोली मारने के आरोप में चार नामजद
प्रतापगढ़ स्थित रानीगंज थाना क्षेत्र के दहेरकला गांव में बुधवार को रंजिश अशफाक अहमद पुत्र इसराइल पर घर जाते समय रास्ते में घात लगाए बैठे विपक्षियों ने हमला कर दिया। अशफाक को लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से मारने लगे तो वह जान बचाने के लिए घर में भागा। इस पर विपक्षियों ने घर में घुसकर अशफाक को गोली मार दी। इसी बीच उसकी चचेरी बहन सैफुन निशा पहुंची तो उसे भी गोली मार दी। बीच-बचाव करने पहुंचे चचेरा भाई जुल्फेयार को ईंट से मारकर घायल कर दिया।
पूर्व में अशफाक के भाई को घायल किया था
गोली से घायल अशफाक व सैफुन निशा को जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। अशफाक के पिता इसराइल ने गांव के ही मो. इबरार, सुहेल, शहंशाह व गुलबहार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके पहले 11 मार्च को विपक्षियों ने घायल अशफाक के भाई इश्तियाक की लाठी-डंडे से पिटाई की थी। एसओ संजय कुमार पांडेय का कहना है कि रंजिश को लेकर मारपीट के साथ गोली चली थी। इसमें चार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।