कौशांबी में पिपरी के कुएं में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका Prayagraj News
कुएं के निकट लाल रंग का चप्पल दिखा तो शक हुआ। कुएं में झांका तो उतराता शव दिखा। कुछ ही देर में जानकारी होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र बिलासपुर गांव के बाहर स्थित कुएं में बुधवार को युवक का शव मिला। वह मंगलवार की देर रात से लापता था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। वहीं ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। युवक का चेहरा मफलर से ढंका हुआ था। चेहरे समेत पैर और हाथ में चोट के निशान भी थे। हालांकि अभी तक पुलिस को परिवार के लोगों की ओर से किसी को आरोपित नहीं किया गया है।
कुएं के पास चप्पल देख ग्रामीणों को हुआ था शक
बिलासपुर गांव के बाहर कादिलपुर-गांजा मुख्य मार्ग से एक किमी पूरब स्थित बिलासपुर निवासी हनुमान दास केशरवानी के पुराने कुएं की ओर बुधवार की सुबह ग्रामीण गए थे। वहां स्थित कुएं के निकट लाल रंग का चप्पल दिखा तो शक हुआ। कुएं में झांका तो उतराता शव दिखा। कुछ ही देर में जानकारी होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव ग्रामीणों के सहयोग से कुएं से बाहर निकलवाया।
पत्नी ने कहा-मल्हू की दिमागी स्थिति ठीक नहीं थी
युवक का शव जब कुएं से बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान कादिलपुर गांव निवासी भारत के 30 वर्षीय पुत्र मल्हू के रूप में हुई। मल्हू के परिवार के सदस्य भी वहां पहुंच गए। उसकी पत्नी मनीषा ने बताया कि मल्हू की दो साल से दिमागी स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। मनीषा की मानें तो मंगलवार की रात करीब एक बजे वह सो गई। इस बीच मल्हू घर से निकल गया। फिर सुबह उसका शव कुएं में मिला।
कई अनुत्तरित प्रश्न ग्रामीणों को परेशान के मन में कौंध रहे
हालांकि कुएं में कूदने के पहले मल्हू ने अपनी चप्पलें क्यों बाहर उतारी, उसका चेहरा क्यों ढंका हुआ था, इतनी रात को इतनी दूर सुनसान जगह पर कुएं के पास मल्हू क्यों गया, ऐसे सवाल लोगों के जेहन में उठ रहे हैं। इन सवालों का जवाब तो पुलिस की जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी रहीमबाद संजय कुमार गुप्ता के कहा कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।