एक सप्ताह से गायब युवक की गंगा नदी में मिली लाश, हत्या की आशंका Prayagraj News
रजवंत गायब हो गया तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह हंडिया में टेला स्थित गंगा नदी के किनारे उसकी लाश मिली। घरवाले हत्या की आशंका जता रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर से करीब 40 किमी दूर स्थित हंडिया क्षेत्र के रहने वाले युवक की लाश गंगा नदी में मिली। वह पिछले करीब एक सप्ताह से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। बुधवार को शव मिलने पर पहुंचे परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है।
अचानक घर से लापता हो गया था रजवंत
हंडिया थाना क्षेत्र के कसौधन गांव निवासी राम राज कदला का 35 वर्षीय पुत्र रजवंत उर्फ गरी प्रसाद निषाद एक सप्ताह पूर्व अचानक घर से लापता हो गया था। रजवंत के परिवार के लोगों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के साथ ही परिवार के लोग भी रजवंत की तलाश कर रहे थे। इसी बीच बुधवार की सुबह टेला स्थित गंगा नदी के किनारे एक लाश लोगों ने देखी। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया। इसी बीच रजवंत के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई
रजवंत के परिवार के लोगों ने एक हफ्ते बाद लाश मिलने से उसकी हत्या की आशंका जताई है। थाने में इस संबंध में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की दिशा में प्रगति होगी।
छात्र को चाकू मारकर किया घायल
थरवई थाना क्षेत्र के चालिस नंबर गुमटी नई बस्ती में रात में छात्र को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज किया है। दीनानाथ मिश्र का 13 वर्षीय पुत्र विकास बहमलपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र है। गेस्ट हाउस में वह भोजन करने गया था। इसी दौरान कुछ लोग पहुंचे और चाकू से हमला कर उसे जख्मी कर दिया।