प्रयागराज में महिला से कार में सामूहिक दुष्कर्म, काम दिलाने के बहाने हैवानियत करने वाले पर केस दर्ज
दारागंज के परेड मैदान में ठेकेदार और उसके साथी ने तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने शिकायत करने पर महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। डरा-धमकाकर ठेकेदार और उसका साथी महिला को वहीं छोड़कर भाग गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में एक बेबस और मजदूर महिला दरिंदगी का शिकार हो गई। काम दिलाने के बहाने एक मजदूर महिला से सफारी कार में सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप एक ठेकेदार पर है। पीडि़ता ने एसएसपी दफ्तर में जब अपनी पीड़ा बयां की तो दारागंज पुलिस ने सिविल लाइंस निवासी ठेकेदार भूपेंद्र पांडेय व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
काम दिलाने के बहाने ठेकेदार व उसके साथी कार से ले गए थे
पीडि़त महिला मजदूरी करके अपने बच्चों का भरण-पोषण करती है। उसका आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले ठेकेदार अपने एक साथी के साथ उसे काम दिलाने के बहाने कार में बैठाकर ले गया। फिर शहर में कई घंटे घुमाया। इसके बाद दारागंज थाना क्षेत्र के परेड मैदान में लेकर आया।
दारागंज के परेड मैदान में की गई हैवानियत
आरोप है कि दारागंज के परेड मैदान में ठेकेदार और उसके साथी की नीयत डोल गई। उन्होंने तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपितों ने शिकायत करने पर महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। डरा-धमकाकर ठेकेदार और उसका साथी महिला को वहीं छोड़कर भाग गए।
थाने में केस नहीं दर्ज हुआ तो पीडि़ता ने एसपी से की शिकायत
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार महिला ने थाने में शिकायत की, लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज किया गया। इस पर उसने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर दारागंज थाने में पीडि़ता की रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसपी सिटी ने यह कहा
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि महिला की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है, शीघ्र उन्हें पकड़ा जाएगा।