नवाबगंज में गला रेतकर महिला की हत्या, पति घर से गायब Prayagraj News
महिला की घर के बरामदे में खून से सनी लाश मिली। बच्चे स्कूल-कॉलेज गए थे और पति सुबह ही नाराज होकर घर पर मोबाइल छोड़कर कहीं चला गया था। हत्या के समय वह घर में अकेली थी।
प्रयागराज, जेएनएन। नवाबगंज थाना क्षेत्र के सराय रामदास पुर उर्फ नेवादा गांव में विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की दोपहर घर के बरामदे में खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं हत्या से पूर्व पति घर से कहीं चला गया था। फिलहाल उसका कुछ पता नहीं चल रहा है।
पत्नी से झगड़ राकेश मोबाइल छोड़कर घर से सुबह कहीं चला गया
सराय रामदास पुर उर्फ नेवादा गांव का रहने वाला राकेश पटेल मुंबई में काम-धंधा करता है। गांव स्थित घर में उसकी 45 वर्षीय पत्नी संगीता देवी अपने 18 वर्षीय पुत्र और 16 और आठ वर्षीय पुत्रियों के साथ रहती थी। इन दिनों पति भी मुंबई से गांव आया है। बताते हैं कि शुक्रवार की सुबह पत्नी से कहासुनी होने के बाद बिना किसी को कुछ बताए मोबाइल छोड़कर घर से चला गया। तीनों बच्चे भी स्कूल और कॉलेज चले गए।
पूर्वाह्न 11.30 बजे तक नल पर कपड़ा साफ करते देखी गई थी संगीता
ग्रामीणों के मुताबिक संगीता देवी को लोगों ने नल पर कपड़ा साफ करते हुए देखा था। उस समय करीब 11.30 बजे रहे होंगे। इसके बाद करीब 12.30 बजे उसके घर के सामने से कुछ ग्रामीण निकले। उनकी नजर घर के बरामदे में गई तो वहां खून से लथपथ संगीता देवी का शव पड़ा मिला। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर वहां पुलिस भी पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। उधर स्कूल-कॉलेज से बच्चे लौटे तो मां की हत्या पर सहम गए। हालांकि हत्या के बाद भी पति राकेश घर नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस को राकेश की तलाश है।
कहते हैं इंस्पेक्टर नवाबगंज
संगीता देवी की हत्या के मामले में नवाबगंज के इंस्पेक्टर संतोष दुबे का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संगीता के पति राकेश की तलाश की जा रही है। उसके पकड़ में आने से हत्या के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल संगीता देवी की गतिविधियों को भी पता लगाया जा रहा है।
संगीता ने दो वर्ष पूर्व जेठ के खिलाफ केस दर्ज कराया था
ग्रामीणों की मानें तो दो वर्ष पूर्व संगीता देवी ने अपने जेठ के खिलाफ थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था।