नहर पुलिया के नीचे महिला का मिला शव, दुष्कर्म कर हत्या की आशंका
बारा के चामू गांव के पास नहर पुलिया के नीचे महिला का मिला शव। दुष्कर्म कर हत्या की आशंका जताई गई।
प्रयागराज : बारा इलाके में चामू नहर पुलिया के नीचे शनिवार भोर में ग्रामीणों ने महिला का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
चामू गांव के ग्रामीण शनिवार की भोर में गांव से बाहर नहर के पास से जा रहे थे। नहर पुलिया के नीचे एक महिला का शव देखा। कुछ देर में जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी मिलने पर बारा इंस्पेक्टर मयदलबल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने करीब 32 वर्षीय महिला की शिनाख्त कराने का ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों से प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेलिया। ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या के बाद सुनसान इलाके में शव फेक दिए जाने की आशंका जताई। इंस्पेक्टर बारा जय प्रकाश शाही ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही जांच को सही दिशा मिलेगी।
हंडिया में युवक की हत्या कर पेड़ से लटकाया शव
हंडिया के जरांव बनकापुर गांव में शनिवार सुबह सागौन के पेड़ पर रूमाल के सहारे लटका युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। उसकी पहचान भदोही जनपद में सुरियांवा थाना क्षेत्र के कारीगांव निवासी रिंकू 36 पुत्र मुखी मौर्या के रूप में हुई। रिंकू शुक्रवार को अपने भाई अखिलेश मौर्या के ससुराल जरांव बनकापुर निवासी उमाशंकर के यहां आया था।
मामला प्रेम प्रपंच का बताया जा रहा है। उमाशंकर ने पहचान की और इसकी सूचना परिजनों को दी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से प्रेम पत्र भी निकला। पिता के तहरीर पर पुलिस ने सूचना दर्ज कर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।