Move to Jagran APP

देवरा में रास्ते पर जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने लगाया जाम

संसू नारीबारी (प्रयागराज)

By JagranEdited By: Published: Thu, 30 Jun 2022 11:57 PM (IST)Updated: Thu, 30 Jun 2022 11:57 PM (IST)
देवरा में रास्ते पर जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने लगाया जाम
देवरा में रास्ते पर जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने लगाया जाम

देवरा में रास्ते पर जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने लगाया जाम

loksabha election banner

संसू, नारीबारी (प्रयागराज) : एसडीएम के आदेश के 20 दिन बाद भी देवरा में रास्ते पर जल निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों के घरों में पानी भरने लगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ते पर जाम लगा दिया। बुधवार रात तेज बरसात शुरू हो गई। पूर्व प्रधान प्रतिनिधि उमाकांत तिवारी, श्याम, गुलाब चंद, दिवाकांत आदि ग्रामीणों ने पंचायत सचिव, राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपाल को फोन कर अविलंब समस्या निवारण की मांग की। कर्मचारियों ने शहर में होने की बात कहकर अगले दिन काम कराने को कहा। उपजिलाधिकारी का भी फोन किया, लेकिन फोने नहीं उठने पर आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर तहसीलदार गणेश सिंह, नारीबारी चौकी के पुलिसकर्मी और ग्राम प्रधान रतन सिंह मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने बताया कि पूर्व में भी जल निकासी के लिए जेसीबी भेजा गया था लेकिन कुछ ग्रामीणों के नाली खोदाई का विरोध करने पर कार्य नहीं हो सका था। तहसीलदार ने दोनों पक्षों से बातचीत कर जल निकासी के लिए खोदाई का कार्य शुरू करवाया। इसके बाद ग्रामीणों गुस्सा शांत हुआ और जाम को समाप्त किया।

33 केवीए के पोल पर वज्रपात से बिजली की सप्लाई बाधित

संसू, बारा : विद्युत उपकेंद्र जारी के गन्ने पहाड़ पर स्थित 33 केवीए लाइन के खंभे पर बुधवार देर रात वज्रपात होने से क्षेत्र की बिजली आधी रात से गुल हो गई है। विभाग के कर्मचारी लाइन ठीक करने में लगे हैं। बताया गया कि वज्रपात से कई ईंशुलेटर और वी क्लैंप उड़ गए हैं। जेई विवेक सिंह के नेतृत्व में दर्जनों लाइनमैन ठीक करने में लगे हैं। मौके पर भारी कीचड़ और बरसात के कारण बिजली कर्मचारियों को खंभे पर चढ़ने में परेशानी हो रही है, फिर भी जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने का जेई ने आश्वासन दिया है।

धान की रोपाई कर रहे किसानों को राहत

संसू, नवाबगंज : गुरुवार सुबह से दोपहर तक हुई हल्की बूंदाबांदी और शाम तक आसमान में छाए बादलों से तापमान में  गिरावट दर्ज की गई। बुधवार शाम को आसमान में बादल जरूर छाए, लेकिन गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली। कई दिनों से बरसात न होने से किसान बेहद परेशान थे। उनको अपनी फसलों के बर्बाद होने की चिंता सता रही थी। किसान टकटकी लगाकर बारिश का इंतजार कर रहे थे। बूंदाबांदी बंद होते ही किसान खेत की मेड़ को तैयार करने में जुट गए।

खेत में पानी की कम पड़ेगी आवश्यकता

संसू, होलागढ़ : क्षेत्र में सुबह से बारिश होने से धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। किसान  दिनेश कुमार ने बताया कि खेत में पानी की आवश्यकता कम पड़ेगी। बारिश के पहले  जहां एक बीघा खेत सींचने में 8 से 10 घंटे लगते थे अब बारिश की वजह से कम समय  में ही खेत भर जाएगा।

पिछड़ रही खेती के लिए संजीवनी

संसू, मांडा: मानसून की पहली बरसात ने जहां एक ओर उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत देने का काम किया तो वहीं दूसरी ओर किसानों की पिछड़ रही खेती के लिए संजीवनी का काम किया है। रात को शुरू हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। किसानों ने अपने अपने खेतों की ओर रुख कर लिया और खेती के कामकाज में जुट गए। महुआरी खुर्द गांव के शोभनाथ यादव, उसकी खुर्द के कमला शंकर पटेल, कुशलपुर गांव के आलोक त्रिपाठी आदि किसानों ने बताया कि बारिश का यह पानी खेती के लिए में अमृत के समान है।

लगातार बरसात से किसानों के चेहरे पर खुशी

संसू, बारा : क्षेत्र में बुधवार रात से शुरू हुई बरसात गुरुवार सुबह तक जारी रही। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे पर खुशी दिखी। किसानों ने बताया कि अभी पानी के अभाव अधिकांश किसानों ने धान की नर्सरी नहीं डाली थी। जहां नर्सरी डाल दी गई है, उसका विकास ठीक से नहीं हो रहा था। बरसात से धान की नर्सरी का विकास भी होगा।

लोगों को गर्मी से मिली राहत

संसू, लोहगरा : क्षेत्र में गुरुवार सुबह से हो रही बरसात से मौसम सुहाना हो गया है। लोगो को गर्मी से काफी राहत मिली। लोहगरा, नीबी, चंद्रा, सुंदरपुर, भेलाव आदि गावों में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। मौसम को देखते हुए किसानों धान की रोपाई व नर्सरी डालने की तैयारी शुरू कर दी है।

झमाझम बरसे बादल, कई स्थानों पर जलभराव

संसू, लेड़ियारी : बुधवार रात झमाझम एक घंटे तक वर्षा होने से कई स्थानों पर जलनिकासी न होने से जलभराव हो गया। दो पहिया वाहन और राहगीरों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है। कैथवल से चैलारी राजमार्ग के सड़क पर गड्ढे होने से पानी भर गया। वहीं राम चरन इंटर कालेज कैथवल, लेड़ियारी में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से छात्र -छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम सुरैचा दिनेश कुमार केशरवानी के घर से तालाब तक पानी निकासी के लिए नाली के लिए खोदाई की गई थी, लेकिन नाली बंद कर देने से पानी की निकासी बंद हो गई है, जिससे समस्या बनी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.