बिहार विधानसभा चुनाव को यूपी सीमा पर बढ़ी चौकसी, शराब तस्करी रोकने को 33 चेक पोस्टों का गठन
बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। बिहार से लगी प्रदेश की सीमाओं पर 33 चेक पोस्टों का गठन किया गया है। चेक-पोस्टों पर 24 घंटे आबकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रयागराज, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। बिहार से लगी प्रदेश की सीमाओं पर 33 चेक पोस्टों का गठन किया गया है। चेक-पोस्टों पर 24 घंटे आबकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे शराब की तस्करी पर निगरानी रखेंगे। इसको लेकर विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बागपत, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़ व मथुरा जिला की हरियाणा राज्य के सीमावर्ती जिला हैं। वहां से बिहार को हरियाणा में बनी शराब पहुंचाने की संभावना अधिक है। इसी कारण इन दिनों में विशेष सख्ती बरती जाएगी। साथ ही उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज जिले की सीमा बिहार से लगी है। इन जिलों में निगरानी सख्त करने का निर्देश दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सभी जिलों की पुलिस, आबकारी व राजस्व अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करके प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिये गए हैं। हरियाणा की सीमा पर वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों व आबकारी विभाग के अधिकारियों को दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि अन्य राज्यों से जारी पास का गहनता से सत्यापन किया जाए। जिससे फर्जी परमिट की आड़ में उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब न पहुंच सके। चेक पोस्ट बैरियर पर बिहार की ओर जाने वाले सभी संदिग्ध वाहनों की विशेष रूप से चेकिंग के भी निर्देश दिये हैं।