UPPSC ने फिर संशोधित परीक्षा कैलेंडर किया जारी, अब 25 अगस्त से पीसीएस 2019 मुख्य परीक्षा
संघ लोकसेवा आयोग के सिविल सेवा परीक्षा 2019 के इंटरव्यू को देखते हुए उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने भी परीक्षा तारीखों में बदलाव किया है।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी पीसीएस 2019 मुख्य परीक्षा 25 जुलाई के बजाय 25 अगस्त से आयोजित की जाएगी। संघ लोकसेवा आयोग के सिविल सेवा परीक्षा 2019 के इंटरव्यू को देखते हुए उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने यह बदलाव किया है। इसके मद्देनजर आयोग ने सोमवार को पुन: संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया। कैलेंडर में पीसीएस 2019 मुख्य परीक्षा के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया।
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने 10 जनवरी 2020 को पहला परीक्षा कैलेंडर जारी किया था। कैलेंडर में 2020 में 16 परीक्षाएं कराने का कार्यक्रम तय था। फरवरी तक उसी के अनुरूप परीक्षाएं हुईं। लेकिन, मार्च में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ने पर मार्च, अप्रैल, मई और जून में होने वाली परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी। इस पर उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने नौ जून को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया। कैलेंडर में पीसीएस 2019 मुख्य परीक्षा 25 जुलाई से प्रस्तावित थी। यूपीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र का कहना है कि आगे भी विशेष परिस्थितियों में परीक्षा कैलेंडर में बदलाव किया जा सकता है।
प्रस्तावित परीक्षाएं
- 18 जुलाई से : सहायक अभियोजन अधिकारी मुख्य परीक्षा 2018
- 16 अगस्त : खंड शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2019
- 23 अगस्त : कंप्यूटर सहायक (उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग) परीक्षा 2019
- 25 अगस्त से : सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2019
- 13 सितंबर : आरओ/एआरओ यानी समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2016
- 19 सितंबर से : सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी मुख्य परीक्षा 2019
- 11 अक्टूबर : पीसीएस/ एसीएफ/आरएफओ प्री 2020
- एक नवंबर : सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा 2019
- 22 नवंबर : उद्योग विभाग के अंतर्गत सहायक प्रबंधक गैर तकनीकी स्क्रीनिंग परीक्षा 2016
- छह दिसंबर : खंड शिक्षा अधिकारी मुख्य परीक्षा 2019
- 22 दिसंबर से : समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी मुख्य परीक्षा 2016
- 22 जनवरी से : सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2020
- 13 फरवरी से : सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी मुख्य परीक्षा 2020