यूपी चुनाव 2022: सपा नेता शिवकांत ओझा हुए भाजपाई, प्रतापगढ़ में रानीगंज सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
सपा नेता व पूर्व मंत्री शिवकांत ओझा भाजपा में शामिल हो गए। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उनकी जॉइनिंग कराई। इसकी पुष्टि करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र ने बताया कि उनका अभी भाजपा से कहीं के लिए भी टिकट नहीं फाइनल हुआ है
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ के कद्दावर सपा नेता व पूर्व मंत्री शिवकांत ओझा भाजपा में शामिल हो गए। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उनको भाजपा में ज्वाइन कराया। इसकी पुष्टि करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र ने बताया कि उनका अभी भाजपा से कहीं के लिए भी टिकट नहीं फाइनल हुआ है। हालांकि उनके समर्थकों में रानीगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की सुगबुगाहट है।
रानीगंज से टिकट कटने के बाद से दिल्ली में जमे थे शिवाकांत
उल्लेखनीय है कि पिछली बार 2017 में रानीगंज सीट से भाजपा के धीरज ओझा विधायक चुने गए थे लेकिन अबकी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सपा ने दो रोज पहले रानीगंज सीट से विनोद दुबे को उम्मीदवार घोषित कर दिया था जबकि इस सीट से शिवाकांत लड़ते रहे हैं। टिकट कटने से बाद से नाराज शिवाकांत भाजपा नेताओं के संपर्क में आकर दिल्ली में जमे थे। यहां कयासों का दौर जारी था तभी गुरुवार दोपहर दिल्ली के भाजपा दफ्तर में प्रकट हुए और प्रतापगढ़ के राजनीतिक गलियारे में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई। भाजपा ने सपा शासन में कैबिनेट मंत्री रहे शिवाकांत ओझा को अपने साथ मिलाकर सपा को एक और झटका चुनाव से पहले दिया है।