Move to Jagran APP

Keshav Maurya प्रयागराज पहुंचे, Deputy CM ने स्पष्ट किया कि भाजपा मदरसा विरोधी नहीं है

यूपी के डिप्‍टी सीएम केशव मौर्य आज प्रयागराज पहुंचे। उन्‍होंने कहा कि भाजपा मदरसा विरोधी नहीं है। सभी संस्थानों पर देश के कानून बराबर तरीके से लागू होते हैं। बिना मान्यता वाले संस्थानों को या तो मानक पूरे कर मान्यता लेनी होगी या उन्हें बंद करना होगा।

By Jagran NewsEdited By: Brijesh SrivastavaPublished: Wed, 26 Oct 2022 12:51 PM (IST)Updated: Wed, 26 Oct 2022 04:22 PM (IST)
कौशांबी में दीपावली मनाने के बाद डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज प्रयागराज पहुंचे।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। भाजपा की सरकार में कोई भी अवैध गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। बिना मान्यता वाले स्कूलों पर लगाम लगाई जा रही है। उसी क्रम में अवैध मदरसों का भी सर्वे पूरा हो चुका है। जो मानक के अनुरूप नहीं हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। यह बात यूपी के उप मुख्यमंत्री (UP Deputy CM) केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने प्रयागराज में कहीं। डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बसपा सुप्रीमो के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कही, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया था कि गैर मान्यता प्राप्त मदरसे सरकार पर बोझ नहीं तो फिर इनमें दखल क्यों दिया जा रहा है।

loksabha election banner

कोई भी अवैध गतिविधि सरकार बर्दाश्‍त नहीं करेगी : केशव मौर्य ने स्पष्ट किया कि भाजपा मदरसा विरोधी नहीं है। सरकार चाहती है कि मदरसे के विद्यार्थी भी एडवांस पाठ्यक्रम को पढ़ेंं। वहां भी गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसी चीजें पढ़ाई जाएं। सभी संस्थानों पर देश के कानून बराबर तरीके से लागू होते हैं। बिना मान्यता वाले संस्थानों को या तो मानक पूरे कर मान्यता लेनी होगी या उन्हें बंद करना होगा। कोई भी अवैध गतिविधि सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। देश, प्रदेश ही नहीं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वैध और अवैध में फर्क समझना होगा। एक प्रश्न के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इमरान मसूद चाहे बसपा में रहें या कहीं और कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। देश और प्रदेश की जनता ने अगले 25 वर्षों तक भाजपा को ही सेवा का मौका देने का फैसला कर रखा है।

शोकाकुल पार्टी भाजपा कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर बंधाया ढांढस : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज पहुंचने के बाद सबसे पहले उन पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के घर गए, जिनके यहां पिछले दिनों परिवार के किसी सदस्‍य का निधन हुआ था। केशव मौर्य प्रयागराज के पूर्व डिप्टी मेयर लल्लू लाल कुशवाहा के भतीजे एवं उच्च न्यायालय के शासकीय अधिवक्ता अनिल कुशवाहा के पुत्र शुभम के निधन की सूचना पर उनके निवास पर पहुंचे और शोक संवेदना जताई। इसके बाद भाजपा प्रयागराज महानगर कार्यसमिति सदस्य अनीता राज की पुत्री एवं शक्ति केंद्र संयोजक रमेश भारतीया की पुत्री के निधन की सूचना पर उनके निवास पर भी पहुंचे। परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। इसी क्रम में फल सब्जी व्यापार मंडल महासंघ मुंडेरा के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा के आवास पर जाकर उनके भाई के निधन पर संवेदना व्यक्त की।

जन समस्‍याएं सुनीं, अधिकारियों को समाधान करने का निर्देश दिया : यूपी के डिप्‍टी सीएम केशव मौर्य शोक संवेदना जताने के बाद सर्किट हाउस पहुंचे। वहां आसम जन समस्याओं को सुना। साथ ही अधिकारियों से समस्‍याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।

नगर निकाय चुनाव को लेकर विमर्श कर सकते हैं केशव : उप मुख्यमंत्री केशव का यह दौरा नगर निगम चुनाव को लेकर रणनीतिक तौर पर विशेष माना जा रहा है। सभी वार्डों की स्थितियों की भी जानकारी वे लेंगे। वहां कितने दावेदार टिकट के लिए आ रहे हैं, इन बातों पर भी चर्चा हो सकती है। टिकट वितरण किस तरह होगा, उसमें किसकी भूमिका होगी, इस पर भी विमर्श हो सकता है। दूसरे दलों से आने वाले लोगों के साथ क्या करना है, यह भी विमर्श का बिंदु हो सकता है।

यमुना आरती व काली पूजा में शामिल होंगे : भाजपा पदाधिकारियों संग बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य आज शाम 6:30 बजे कीडगंज मोहल्‍ले में यमुना की आरती में भी शामिल होंगे। इसी क्रम में वह रात आठ बजे बैरहना में मां काली के पूजा उत्सव में शामिल होकर लोगों से संवाद कर सकते हैं। केशव मौर्य के प्रयागराज में होने वाले सभी कार्यक्रमों में जिले में कराए गए विकास कार्यों पर भी चर्चा जरूर होगी। कुंभ को देखते हुए जो प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं, उनकी प्रगति रिपोर्ट भी उप मुख्यमंत्री संबंधित विभाग के अधिकारियों से ले सकते हैं। नए प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की जाएगी। प्रबुद्धजनों से शहर की जरूरतों को देखते हुए नए प्रस्ताव भी मांगे जाएंगे।

उप मुख्‍यमंत्री केशव ने दीपावली पर्व पर गृह जनपद में बिताया : गौरतलब है कि इससे पहले उपमुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने पैत्रिक निवास कौशांबी में थे। दीपोत्सव उन्होंने वहीं मनाया। स्थानीय लोगों के साथ पर्व के दौरान रहने पर क्षेत्र के लोगों की यह शिकायत भी दूर हुई कि वह कम समय अपने क्षेत्र में देते हैं।

कल भी संगम नगरी में रहेंगे केशव : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कल गुरुवार को भी संगम नगरी में रहेंगे। पूरे दिन विभिन्न आयोजनों में शामिल होंगे। विशेष रूप से शहर के तमाम मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। सार्वजनिक आयोजनों में भी सहभागी बनेंगे। अपराह्न तीन बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.