दुष्कर्म में असफल युवक ने कौशांबी में मासूम बालिका को कुएं में रस्सी से लटकाया, आरोपित गिरफ्तार
युवक बहनों से छेड़खानी करने लगा। तीन बहनें तो आरोपी के चंगुल से छूट कर भाग गईं लेकिन छोटी बहन को दबोच लिया और उसकी बड़ी बहन को पास बुलाने लगा। मामला कौशांबी जिले का है।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र में मासूम बालिका से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। साथ रहीं बहनों के सामने ही नशे में धुत युवक ने मासूम को दबोच लिया। बहनों के शोर मचाने से आक्रोशित युवक ने मासूम को रस्सी से बांधकर समीप के कुएं में लटका दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम को कुएं से निकाला और आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया।
चार बहनों से युवक छेड़खानी करने लगा
पिपरी थाना इलाके के एक गांव का व्यक्ति बेहद गरीब है। वह भीख मांगकर परिवार का पालन-पोषण करता है। शुक्रवार की शाम उसकी नौ वर्षीय पुत्री अपनी तीन बड़ी बहनों के साथ शौच के लिए खेतों की तरफ जा रही थी। रास्ते में नशे में धुत गांव का ही एक युवक पहले से घात लगाए बैठा हुआ था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवक ने बहनों से छेड़खानी करने लगा। किसी तरह तीन बहनें तो आरोपी के चंगुल से छूट कर भाग गईं लेकिन छोटी बहन को युवक ने दबोच लिया और उसकी बड़ी बहन को पास बुलाने लगा।
आरोपित को पुलिस ने भेजा जेल
बड़ी बहन से दुष्कर्म में असफल होने पर उसने मासूम बालिका को रस्सी से बांध समीप के कुएं के लटका दिया। बड़ी बहनों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम को कुएं से बाहर निकाला और आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित जेल भेज दिया है।
नहर में मिला युवक का शव
प्रतापगढ़ जिले में लालगंज कोतवाली क्षेत्र के धाधुवगाजन नहर पुलिया के नीचे शनिवार की सुबह करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव मिला। उधर से निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में ले लिया। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक रामजी सिंह का कहना है कि बीते कई दिनों से विक्षिप्त अवस्था में मृत युवक इधर टहलता देखा गया था। युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।