Move to Jagran APP

केंद्रीय मंत्री Anurag Thakur प्रयागराज में बोले- स्वच्छ भारत से ही स्वस्थ और सशक्त भारत का होगा निर्माण

प्रयागराज राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 2.0 का साक्षी बना। केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने नैनी स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कालेज में इस देशव्यापी मुहिम का शंखनाद दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके साथ देशभर में सफाई को लेकर युवा मंडलों की ओर से कार्यक्रम आरंंभ हुए।

By Jagran NewsEdited By: Brijesh SrivastavaPublished: Sat, 01 Oct 2022 10:23 AM (IST)Updated: Sat, 01 Oct 2022 07:29 PM (IST)
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रयागराज में राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कहा कि स्वच्छ भारत से ही स्वस्थ, सुंदर और सशक्त भारत का निर्माण होगा। स्वच्छता अपनाकर ही सेहतमंद होंगे, जिससे भारत महान होगा। केंद्रीय मंत्री ने ये बातें प्रयागराज में राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 2.0 का श्रीगणेश करने के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किया। नैनी स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कालेज में शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केंद्रीय मंत्री दीप प्रज्ज्वलित कर इस देशव्यापी मुहिम का शुभारंभ किया।

loksabha election banner

समारोह में युवाओं ने अभियान से जुड़ने की शपथ ली : केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 2.0 प्रारंभ किया गया है। वर्ष 2047 में जब देश शताब्दी वर्ष महोत्सव मनाएगा, उस समय के भारत के सशक्त स्वरूप की यह शुरुआत है। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। समारोह में लगभग 2100 युवाओं ने अभियान से जुडऩे की शपथ ली।

संगम तट पर केंद्रीय मंत्री ने श्रमदान किया : केंद्रीय मंत्री ने संगम तट पर कचरा उठाकर श्रमदान किया। यहां पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि संगम तट से जो भी अभियान शुरू होता है वह देश भर में सफल होता है। पिछले साल 2021 में राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 1.0 यहां से ही शुरू हुआ था। तब 75 लाख किलो प्लास्टिक कचरा निस्तारण का लक्ष्य रखा गया था। देश भर के युवाओं ने उस लक्ष्य पूरा भर नहीं किया था बल्कि रिकार्ड भी बनाया था, इसीलिए इस साल भी प्रयागराज की पावन धरा से फिर आगाज किया गया।

खेलां में युवाओं की बढ़ती सहभागिता की सराहना की : शाम को केंद्रीय मंत्री म्योहाल स्पोट्र्स कांप्लेक्स के स्वर्ण जयंती समारोह में उन्होंने खेलों में युवाओं की बढ़ती सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की सराहना की। समारोह में प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव, सांसद गण डा.रीता बहुगुणा जोशी, केशरी देवी पटेल, महापौर अभिलाषा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के के सचिव संजय कुमार, नेहरू युवा केंद्र संगठन के क्षेत्रीय निदेशक नंद कुमार सिंह, एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक डा.अशोक श्रोती भी मौजूद रहे।

एक माह में 100 लाख किलो उठाया जाएगा प्लास्टिक कचरा : केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के लोगों में जागरुकता बढ़ाना, सभी को संगठित करना और भारत को स्वच्छ बनाने में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह अभियान देश के 744 जिलों के करीब छह लाख गांवों में एक माह तक चलेगा। हर शहर में युवा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसके तहत नेहरू युवा केंद्र संगठन से जुड़े युवा मंडल तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़ी संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए प्लास्टिक कचरा उठाया जाएगा। इस बार 100 लाख किलो टन कचरा उठाने का लक्ष्य है।

देश के सभी 744 जिलों के 6 लाख गांवों चलेगी मुहिम : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग इस मुहिम को देश के सभी 744 जिलों के लगभग छह लाख गांवों में चलाएगा। नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस) से जुड़े युवा मंडलों और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए देश भर इस आयोजन को सफल बनाया जाएगा।

युवा कार्यक्रम विभाग की क्‍या है मुहिम : इस पहल में विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और पृष्ठभूमि के लोग एक साथ काम करेंगे और इन लोगों द्वारा पूरी तरह से स्वैच्छिक आधार पर कचरे की सफाई की जाएगी। युवा कार्यक्रम विभाग इस अभियान को देश में लोगों द्वारा चलाए जा रहे सबसे बड़े स्वच्छता अभियान में तब्दील करने की कोशिश कर रहा है।

केंद्रीय खेल मंत्री लोगों से करेंगे अपील : केंद्रीय खेल मंत्री शनिवार को प्रयागराज से इस मुहिम का शुभारंभ करने के साथ स्वच्छ भारत 2.0 अभियान में भाग लेने और एक-दूसरे को जिम्मेदार नागरिक के तौर पर प्रेरित करने की अपील करेंगे। जनभागीदारी के माध्यम से इस कार्यक्रम को एक जन आंदोलन में तब्दील करने का आह्वान करेंगे। वह इंजीनियरिंग कालेज के सभागार में युवाओं को स्वच्छता का संकल्प दिलाएंगे। अपने घर-आंगन, द्वार और गली-मोहल्ले को स्वच्छ रखकर स्वस्थ भारत के सपने का संदेश देंगे। इस दौरान स्वच्छ भारत अभियान 2022 पुस्तिका का विमोचन भी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर संगम तट पर कचरा भी साफ करेंगे : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हर घर झंडा अभियान में छह ब्लाकों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडल विकास कार्यक्रम के स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देंगे। एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक अशोक श्रोती का स्वागत उद्बोधन होगा। युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव नीतेश कुमार मिश्रा और फिर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार संजय कुमार का संबोधन होगा। लगभग एक घंटे तक के इंजीनियरिंग कालेज में समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री संगम तट जाएंगे, जहां वीआइपी घाट पर कचरा उठाएंगे।

आठ दिवसीय स्वर्ण जयंती खेल महोत्सव का खेल मंत्री करेंगे शुभारंभ : केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर  प्रयागराज में म्योहाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के 50 वर्ष पूरे होने पर एक से आठ अक्टूबर तक आयोजित स्वर्ण जयंती खेल महोत्सव का आज शुभारंभ करेंगे। सैकड़ों खिलाड़ी इसका हिस्सा बनेंगे और अगले आठ दिनों तक संगम नगरी में विभिन्न खेल के खिलाड़ियों का जमघट होगा। प्रतियोगिता का आयोजन दो अक्टूबर से अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स म्योहाल में होगा। जहां आठ दिनों में 675 खिलाड़ी छह अलग अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश व जिला प्रशासन प्रयागराज द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.