कौशांबी में भूमि विवाद में हुई फायरिंग, गोली लगने से दो घायल, असलहा समेत चार हिरासत में
चरवा थाना इलाके में काजू गांव निवासी अवधेश दुबे उर्फ कल्लू पुत्र धर्म नारायण दुबे की मानें तो गांव में ही उसकी खाली पड़ी पुश्तैनी भूमिधरी जमीन है। शनिवार की देर रात गांव के ही एक परिवार के लोग असलहे से लैस होकर भूमि पर दीवार का निर्माण करने लगे।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद के चरवा थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष शनिवार की देर रात भिड़ गए। इस दौरान लाठी-डंडा चलने लगे। मारपीट कर रहे लोगों में कुछ ने लाइसेंसी असलहे और तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से एक पक्ष से दो लोग जख्मी हो गए। घटना की जानकारी पाकर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक लाइसेंसी असलहा के साथ चार लोगों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया।
चरवा थाना इलाके में काजू गांव निवासी अवधेश दुबे उर्फ कल्लू पुत्र धर्म नारायण दुबे की मानें तो गांव में ही उसकी खाली पड़ी पुश्तैनी भूमिधरी जमीन है। शनिवार की देर रात गांव के ही एक परिवार के लोग असलहे से लैस होकर भूमि पर नींव खोदकर दीवार का निर्माण करने लगे। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचा अवधेश उसका बेटा मोहित और भाई मुनीब दुबे निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। आरोप है कि विपक्षी गाली-गलौच कर उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसके बाद लाइसेंसी और तमंचे से उन दोनों पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में मोहित और मुनीब के सिर और पीठ पर गोली लग गई। वह दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर तड़पने लगे। गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण वहां पहुंचे। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही एक डबल बैरल बंदूक समेत चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर चरवा संतशरण सिंह का कहना है कि घायल युवक के पिता की तहरीर पर उमेश केशरवानी, सतीश केशरवानी, छत्रधारी केसरवानी और दिवाकर केसरवानी को एक डबल बैरल बंदूक साथ हिरासत में ले लिया गया है।