करंट की चपेट में आकर दो युवकों ने दम तोड़ दिया Prayagraj News
दो अलग-स्थानों पर दो युवक करंट की जद में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। मामला कौशांबी जनपद के कोखराज व चरवा का है।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में कोखराज और चरवा थाना क्षेत्रों में शनिवार को करंट की जद में दो युवक आ गए। तार जोड़ते समय दो युवक करंट की चपेट में आकर झुलस गए। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ करने के बाद दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया।
पंखे का तार जोड़ते समय करंट की से हरिराम की मौत
कोखराज थाना क्षेत्र के सिधिया निवासी 42 वर्षीय हरिराम वैवाहिक कार्यक्रम में खाना बनाने का काम करता था। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर में पंखे का तार जोड़ रहा था। परिवार वालों के मुताबिक उसी दौरान कटा हुआ तार का एक हिस्सा उसके हाथ से छू गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर परिजन वहां पहुंचे। उसे करंट की चपेट में देखा तो होश उड़ गए। किसी तरह करंट से अलग करने के बाद हरिराम को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराने ले जाने लगे। वहीं रास्ते में ही हरिराम ने दम तोड़ दिया।
चली गई थी बिजली, तार चेक कर रहा था अभय, लगा करंट
इसी तरह चरवा के ओदारपुर निवासी बाबूलाल पटेल खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता है। शुक्रवार की रात उसके घर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बाबूलाल के मुताबिक उसका 22 वर्षीय बेटा अभय तार चेक कर रहा था। इस बीच वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। यह देख परिवार वालों ने किसी तरह उसे करंट से दूर किया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अभय ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से परिवार वालों का रो-रो कर हाल बेहाल है।