Coronavirus News Update : प्रयागराज व कौशांबी के दो संक्रमित मरीजों की मौत, एसआरएन अस्पताल में थे भर्ती
कोरोना वायरस संक्रमित दो और मरीजों ने प्रयागराज में दम तोड़ दिया। दोनों का कोविड-19 अस्पताल एसआरएन में इलाज हो रहा था। अब तक संक्रमित नौ मरीजों की मौत हो चुकी है।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस का संक्रमण प्रयागराज में भी भयावह होता नजर आ रहा है। रोज संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। वहीं मंगलवार की देर रात महामारी से संक्रमित दो मरीजों की मौत हो गई। दोनों पॉजिटिव कोविड-19 अस्पताल एसआरएन में भर्ती थे। इसमें एक मरीज प्रयागराज का रहने वाला था जबकि दूसरा मरीज कौशांबी जनपद का निवासी था। दोनों के शवों को कोविड पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मालवीय नगर का व्यक्ति डायबिटीज का मरीज भी था
कोरोना वायरस से संक्रमित शहर के महावीर नगर का रहने वाले 57 वर्षीय अधेड़ सोमवार को आया था। वह पहले से ही डायबिटीज का मरीज था। गंभीर दशा में एसआरएन कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे ऑक्सीजन पर रखा गया था। मंगलवार को उसका स्वास्थ्य औऱ खराब हो गया तो उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। देर रात उसने अस्पताल में अंतिम सांस ली है।
कौशांबी का वृद्ध मरीज वेंटिलेटर पर था
इसी तरह कोरोना से हुई दूसरी मौत भी एसआरएन में ही हुई। 75 वर्षीय वृद्ध मरीज को चोट लगने से फ्रैकचर हो गया था। निजी अस्पताल में फ्रैक्चर का ऑपरेशन कराने पहुंचा था। ऑपरेशन के पहले कोविड-19 टेस्ट में वह पाॅजिटिव आया। वह अस्थमा का भी मरीज था। कौशांबी के इस मरीज को 27 जून को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी, इसलिए उसे वेंटिलेटर पर रख दिया गया था। मंगलवार को उसने अंतिम से सांस ली। एसआरएन के नोडल डॉ सुजीत वर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मृत दोनों का अंतिम संस्कार बुधवार को होगा।