धूमनगंज के बाकराबाद में बवाल, पथराव में दो जख्मी व चार हिरासत में Prayagraj News
रविवार की रात में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट के साथ ही पथराव भी हुआ। इसमें दो लोगों को चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार को हिरासत में ले लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। धूमनगंज के बाकराबाद में रविवार की रात में दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। बात बढ़ी तो दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने से खलबली मच गई। इसमें आसिफ समेत दो लोग जख्मी हो गए। खबर मिलते ही धूमनगंज पुलिस समेत 112 पीआरवी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि चार लोगों को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
नीवां में कार पर फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस
धूमनगंज के नीवां इलाके में रविवार देर रात एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि वह कार से जा रहा था तभी उस पर फायरिंग की गई। उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई है। खबर मिलते ही सीओ बृजनारायण सिंह और धूमनगंज थाने की फोर्स वहां पहुंच गई। सीओ ने पड़ताल की। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, फोन करने वाले शख्स ने बताया कि उसकी कार गोली चलने की आवाज सुनने के बाद हड़बड़ाहट में बेकाबू होकर टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई है।
ताड़़बाग के उपद्रव में एक गिरफ्तार
धूमनगंज और कैंट के बीच बसे ताड़बाग गांव में दो महीने पहले मासूम की कार की चपेट में आने से मौत के बाद गुस्से में लोगों द्वारा तोडफ़ोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी कर रही है। कैंट थाने में दो मुकदमे दर्ज हैैं। एक चौकी प्रभारी और दूसरा केस मजिस्ट्रेट के ड्राइवर ने सरकारी गाड़ी जलाने का दर्ज कराया था। राजापुर चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने एक आरोपित विनोद को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। बाकी आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार करेगी।