अतरसुइया में त्योहारी लेने गए किन्नर के दो गुटों में मारपीट, हंगामा Prayagraj News
दशहरा पर्व की त्योहारी लेने की बात पर मंगलवार की दोपहर किन्नरों का दो समूह आपस में ही लड़ गया। विवाद के बाद मारपीट हुई। पुलिस समझाने पहुंची तो उससे भी उलझ पड़़े।
प्रयागराज, जेएनएन। अतरसुइया थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर त्योहारी लेने गए किन्नरों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश तो उनसे में भी नोक-झोंक हुई। किन्नर का एक गुट दूसरे के इलाके में घुस गया था, जिसको लेकर घटना हुई।
किन्नरों ने पुलिस से भी नोक-झोक की
विजयदशमी के पर्व पर किन्नरों द्वारा घरों और दुकानों में जाकर त्योहारी मांगी जाती है। इसी क्रम में मंगलवार की दोपहर अतरसुइया इलाके में किन्नरों का एक गुट त्योहारी लेने के लिए पहुंचा। इसी दौरान जानकारी होने पर दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया। दोनों गुटों में इलाके को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों ओर के किन्नर आपस में झगड़ा फिर मारपीट करने लगे। शोर-शराबा सुनकर मुहल्ले में भीड़ जुट गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तत्काल वहां अतरसुइया थाने की पुलिस पहुंच गई और किन्नरों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान किन्नर पुलिस से ही उलझ पड़े। किसी प्रकार उनके झगड़े को पुलिस ने शांत कराया।
किन्नरों के दो गुटों में विवाद चल रहा है
बता दें कि किन्नरों में क्षेत्र को लेकर काफी दिनों से झगड़ा चल रहा है। उनका कहना है कि उनके क्षेत्र में दूसरे किन्नर पहुंच कर उनका हक मार रहे हैं। इसी मामले को लेकर अतरसुइया इलाके के किन्नर छोटी और नंदनी की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। दोनों पक्षों में तनातनी की स्थिति है।
नृत्य के दौरान अभद्रता पर महिलाओं ने हाईवे पर लगाया जाम
दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन को ले जाते समय महिलाएं नृत्य कर रही थीं। प्रतापगढ़ जनपद के कोहंडौर थाना के क्षेत्र लाखीपुर गांव के निकट कुछ मनचले युवकों ने महिलाओं तथा युवतियों से अश्लील हरकत की। विरोध पर तीन महिलाओं की पिटाई भी कर दी गई। विरोध में महिलाओं ने हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुची पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराया। वहीं जख्मी महिलाओं का सीएचसी कोहंडौर में इलाज कराया। पुलिस आरोपियो के घरों में दबिश दी लेकिन आरोपित मौके से फरार हो गए।