प्रयागराज में खेलते हुए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो चचेरी बहनों की मौत, शादी की खुशी हुई धूमिल
शाम करीब चार बजे देवकीनंदन की ढाई वर्ष की पुत्री एंजेल और दीनदयाल की ढाई वर्षीय पुत्री देविका घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान अचानक दोनों गायब हो गईं। कुछ देर बाद घरवालों को दोनों नहीं दिखी तो खोजबीन शुरू हुई लेकिन कुछ पता नहीं चला।
प्रयागराज,जेएनएन। सरायइनायत थाना क्षेत्र के घरहरा चकिया गांव में बुधवार रात दो चचेरी बहनों की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। इसकी जानकारी पुलिस महकमे को हुई तो एसपी गंगापार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल की और फिर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
खेलते-खेलते घर के पीछे बने गड्ढे में पहुंच गई थी
गांव निवासी देवकीनंदन और दीनदयाल सगे भाई हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे देवकीनंदन की ढाई वर्ष की पुत्री एंजेल और दीनदयाल की ढाई वर्षीय पुत्री देविका घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान अचानक दोनों गायब हो गईं। कुछ देर बाद घरवालों को दोनों नहीं दिखी तो खोजबीन शुरू हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इससे पूरे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। रात करीब आठ बजे स्वजन घर के पीछे बने गड्ढे में भरे पानी में देखा तो दोनों वहां पड़ी थीं। आननफानन में दोनों को निकालकर समीप के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंजेल और देविका को मृत घोषित कर दिया।
घरवालों पर टूटा दुख का पहाड़
घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए शवों को घर ले आए। यहां एंजेल और देविका की लाश उनकी मां सविता व कंचन ने देखी तो अचेत होकर गिर पड़ीं। परिवार व गांव की अन्य महिलाओं ने किसी प्रकार दोनों को संभाला। दो मासूमों की मौत की जानकारी पाकर एसपी गंगापार धवल जायसवाल, थाना प्रभारी राकेश चौरसिया, चौकी प्रभारी भीष्म नारायण ङ्क्षसह आदि मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया ने बताया कि इत्तेफाकिया में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शादी की खुशियां मातम में बदली
देवकीनंदन और दीनदयाल के यहां पांच जून को वैवाहिक कार्यक्रम है। नाते-रिश्तेदार घर पर आए हुए हैं। गाने-बजाने का कार्यक्रम चल रहा है। लेकिन अचानक हुए इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं हैं।