कोहरे का कहर : ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो खानपान की चीजें साथ लेकर चलना न भूलें Prayagraj News
वातावरण में इन दिनों कोहरा सुबह और रात में छा रहा है। ऐसे में हर रूट की ट्रेनें कोहरे की चपेट में होने से लेट चल रही हैं। ऐसे में अगर आप सफर कर रहे हैं तो तैयारी रखें।
प्रयागराज, जेएनएन। वातावरण में कोहरे का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अभी से ही आठ-आठ घंटे ट्रेनें लेट हो रही हैं। आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानी और बढऩे वाली है। इसलिए यात्री सफर पर निकलने से पहले खानपान की चीजें लेकर चलें, ताकि ट्रेन लेट होने पर उन्हें कम परेशानी हो। हालांकि ट्रेन एक घंटे से अधिक लेट होने पर यात्रियों को उनके मोबाइल नंबर पर ट्रेन के विलंब से आने की सूचना भेजी जा रही है।
कोहरे से सभी रूटों की ट्रेनों का संचालन है प्रभावित
कोहरे के कारण सभी रूट की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी कोहरे की चपेट में आ चुकी है। शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस इलाहाबाद जंक्शन पर साढ़े तीन घंटे लेट पहुंची। ट्रेनों के आठ-आठ घंटे तक लेट होने पर यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस लौटते समय वंदे भारत एक्सप्रेस जंक्शन पर शाम को 4:35 बजे आती है, लेकिन रात में 7:58 बजे आई।
प्रयागराज एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें भी प्रभावित
इसी प्रकार प्रयागराज एक्सप्रेस सुबह 7:15 बजे इलाहाबाद जंक्शन पर पहुंचती है, लेकिन शनिवार को गाड़ी दोपहर में 3:15 बजे आठ घंटे 10 मिनट विलंब से स्टेशन पर पहुंचीं। हमसफर एक्सप्रेस भी आठ घंटे लेट आई। सुबह 6:20 बजे आने वाली गाड़ी दोपहर में 2:20 बजे इलाहाबाद जंक्शन पर पहुंचीं। इसके अलावा इलाहाबाद जंक्शन, प्रयाग जंक्शन, प्रयागघाट, इलाहाबाद सिटी स्टेशन, इलाहाबाद छिवकी स्टेशन पर आने और यहां से जाने वाली सभी ट्रेनें लेट रहीं। इसके कारण यात्रियों को बड़ी मुश्किल हुई।