Coronavirus का पर्यटन स्थलों पर ग्रहण लगा है, सरकार की अभी कोई गाइडलाइन नहीं Prayagraj News
पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि पर्यटन स्थल अभी नहीं खोले गए हैं। श्रृंगवेरपुर धाम में आवाजाही शुरू होने लगी है क्योंकि वह धार्मिक स्थल है।
प्रयागराज, जेएनएन। एक समय था जब कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण लॉकडाउन की पीएम मोदी ने देश में घोषणा कर दी थी। लॉकडाउन में धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थल, बाजार, मॉल, ट्रांसपोर्ट, रेल परिवहन सभी कुछ बंद कर दिया गया था। अब लॉकडाउन के बाद लोगों की दिनचर्या धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। धार्मिक स्थलों के साथ बाजार आदि खुल चुके हैं। अधिकांश व्यवस्था पटरी पर लौट रही है। वहीं पर्यटन स्थलों पर अभी कोरोना वायरस का ग्रहण लगा ही हुआ है।
पर्यटन और पुरातात्विक स्थलों पर जाने की है रोक
पर्यटन और पुरातात्विक स्थलों पर अभी आम लोगों के जाने पर प्रतिबंध है। हालांकि गढ़वा किला शंकरगढ़, हिंदू मंदिर बारा, फाफामऊ के निकट श्रृंगवेरपुर धाम और झूंसी स्थित समुद्रकूप को पर्यटन विभाग ने खोल दिया है। वहीं अन्य पर्यटन स्थल के संबंध में अभी सरकार की गाइडलाइन आने का इंतजार है।
प्रयागराज के पर्यटन स्थल सूने ही हैं
प्रयागराज और कौशांबी में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीन करीब 15 ऐतिहासिक स्थल हैं। इनमें खुसरो बाग, कीडगंज सेमेट्री (इसाई कब्रिस्तान), शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में स्थित महारानी विक्टोरिया मेमोरियल, झूंसी में समुद्रकूप, शंकरगढ़ में गढ़वा किला, बारा तहसील क्षेत्र में हिंदू मंदिर भी शामिल हैं। पर्यटन विभाग के अंतर्गत श्रृंगवेरपुरधाम, संगम ही प्रमुख क्षेत्र है। इनमें धार्मिक स्थलों को छोड़कर अन्य स्थानों को आम जनता के लिए खोलने का आदेश अब तक नहीं हो सका है। ऐसे में प्रयागराज के पर्यटन स्थल सूने-सूने ही हैं।
बोले पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक
पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि पर्यटन स्थल अभी नहीं खोले गए हैं। श्रृंगवेरपुर धाम में भी कुछ लोगों की आवाजाही शुरू होने लगी है, क्योंकि वह धार्मिक स्थल है।
भारतीय पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ संरक्षण सहायक ने कहा
भारतीय पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ संरक्षण सहायक पंकज तिवारी का कहना है कि विभाग के अधीन केवल धार्मिक स्थलों को ही खोलने की अनुमति है। अन्य स्थानों के लिए उनके पास अभी कोई आदेश नहीं आ सका है। उन्होंने बताया कि खुसरोबाग भी बंद है।