Top Prayagraj News of the day, 14 September 2020 : प्रयागराज में सपाइयों और पुलिस में झड़प, हल्का बल प्रयोग कर 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
कलेक्टेट में प्रदर्शन कर रहे 50 सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। ईंट भटठा मैनेजर का शव सडक पर रखकर लगाया जाम। गोल्ड मेडलिस्ट खिलाडी बना लुटेरा।
प्रयागराज, जेएनएन। सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोमवार को कई मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए सपाइयों को वहां से हटाया। साथ ही करीब 50 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, औदयोगिक थानाक्षेत्र में रेही कला गांव निवासी भट्टा मैनेजर राजेश श्रीवास्तव की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रयागराज- मिर्जापुर मार्ग पर यूनाइटेड कॉलेज के समीप शव रखकर जाम लगा दिया। जबकि, ट्रिपल जंप का गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी रिजवान पुत्र मो. सईद शातिर लुटेरा निकला। एसओजी और सोरांव पुलिस ने उसे लाखों रुपये के आभूषण, तमंचा व बाइक, नकदी समेत कई सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज में सपाइयों और पुलिस में झड़प, हल्का बल प्रयोग कर 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोमवार को कई मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए सपाइयों को वहां से हटाया। साथ ही करीब 50 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन लाया गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी छात्र सभा, लोहिया वाहिनी, यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में किसानों, छात्रों की समस्याओं समेत कई मुद्दों को लेकर सोमवार की दोपहर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन की सूचना पर कलेक्ट्रेट में पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसके बाद भी सपा कार्यकर्ता नहीं माने।
ईंट भट्ठा मैनेजर का शव प्रयागराज- मिर्जापुर मार्ग पर रख लगाया जाम, तीसरे आरोपित को पुलिस ने भेजा जेल
औदयोगिक थानाक्षेत्र में रेही कला गांव निवासी भट्टा मैनेजर राजेश श्रीवास्तव की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रयागराज- मिर्जापुर मार्ग पर यूनाइटेड कॉलेज के समीप शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पाकर बड़ी संख्या में फोर्स वहां पहुंच गई। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता के साथ ही असलहे का लाइसेंस दिया जाए। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग माने और लवायन घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
गर्लफ्रेंड की खातिर गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी बन गया लुटेरा, गिरफ्तार
ट्रिपल जंप का गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी रिजवान पुत्र मो. सईद शातिर लुटेरा निकला। एसओजी और सोरांव पुलिस ने उसे लाखों रुपये के आभूषण, तमंचा व बाइक, नकदी समेत कई सामान के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र स्थित गुलरा मिर्जापुर चौराही गांव का रहने वाला है। मानधाता निवासी उसके साथी सादाब, शहरेयार, अजहर व नवाबगंज का एक शख्स फरार है।सोमवार शाम एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने अभियुक्त को मीडिया के सामने पेश किया। बताया कि कुछ दिन पहले सोरांव में सर्राफ मिथिलेश सोनी से लूट हुई थी। सोमवार सुबह एसओजी प्रभारी गंगापार मनोज सिंह, सोरांव थाने के दारोगा धनंजय, गिरीशचंद्र, जनमेजय की टीम ने सोरांव से रिजवान को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि वह स्पोटर्स हॉस्टल सैफई में दाखिला लिया हुआ है। ट्रिपल जंप का खिलाड़ी है और नेशनल स्तर पर भी खेल चुका है। स्थानीय स्तर पर उसे गोल्ड मेडल मिल चुका है।